जमशेदपुर : मानगो एनएच 33 स्थित आशियाना अनंतरा सोसाइटी में नवरात्र के प्रथम दिन कलश स्थापना कर मां शैलपुत्री की पूजा के साथ दुर्गा पाठ का शुभारंभ दुर्गापुर से आए पंडित आचार्य तापस मुखर्जी ने किया. सोसाइटी के अध्यक्ष विकास सिंह ने बताया की 394 फ्लैट धारकों द्वारा सामूहिक रूप से संकल्प कर कलश स्थापना की गई है. (नीचे भी पढ़ें)

पूरे दस दिन तक चलने वाले इस नवरात्र उत्सव में सोसाइटी की महिलाओं के द्वारा सामूहिक रूप से फलाहार रखते हुए मां की पूजा-आराधना की जाएगी. महापंचमी के दिन पंडाल का विधिवत उद्घाटन होगा. पंचमी के दिन से ही सामूहिक रूप से सभी फ्लैट धारकों का प्रसाद रूपी भोजन करने की एक साथ व्यवस्था की गई है जो पूरे विजयदशमी तक चलेगी. विकास सिंह ने कहा कि महानवमी के दिन महिलाओं के द्वारा डांडिया नृत्य का भी प्रदर्शन किया जाएगा. (नीचे भी पढ़ें)

उसके लिए महिलाएं विगत एक महीने से प्रशिक्षण ले रही हैं. महा अष्टमी के दिन कोलकाता के स्टार बैंड का कार्यक्रम होगा. प्रत्येक दिन अलग-अलग कलाकारों के द्वारा कार्यक्रम आयोजित किए गए हैं. बच्चों और बुजुर्गों के लिए खेलकूद के साथ-साथ सांस्कृतिक कार्यक्रमों का भी आयोजन किया गया है.





