जमशेदपुर : जमशेदपुर के टेल्को थाना क्षेत्र के जेम्को मछुआ बस्ती में शनिवार देर रात डीजे बजाने को लेकर शुरू हुआ विवाद हिंसक झड़प में बदल गया. जानकारी के अनुसार, बस्ती में डीजे बजाया जा रहा था, जिसे पुलिस ने पहुंचकर बंद करा दिया. आरोप है कि मनोज नाग के परिवार द्वारा पुलिस में शिकायत किए जाने से विवाद ने तूल पकड़ लिया. बताया जा रहा है कि इसी बात से नाराज होकर बबलू मछुआ, व्यंकटेश नायडू, रिंघु मछुआ और कृष्णा मछुआ ने मनोज नाग पर चापड़, चाकू और अन्य धारदार हथियारों से हमला कर दिया. हमले के दौरान बीच-बचाव करने पहुंची सुनीता देवी और छोटू नाग को भी आरोपियों ने निशाना बनाया. इस घटना में छोटू नाग गंभीर रूप से घायल हो गया. (नीचे भी पढ़ें)
सभी घायलों को पहले टाटा मोटर्स अस्पताल ले जाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद उन्हें बेहतर इलाज के लिए टीएमएच रेफर कर दिया गया. घटना के बाद सभी आरोपी फरार बताए जा रहे हैं. पुलिस मामले की जांच में जुटी है और आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी कर रही है. लगातार बढ़ रही ऐसी घटनाओं से क्षेत्र में भय और चिंता का माहौल बना हुआ है.



