जमशेदपुर : जमशेदपुर के आजादनगर थाना क्षेत्र अंतर्गत ओल्ड पुरुलिया रोड स्थित रिवर व्यू एनक्लेव में सोमवार शाम परसुडीह के दो युवकों की जमकर पिटाई कर दी गई. दोनों युवक गंभीर रूप से घायल हो गए हैं और उनका इलाज टाटा मुख्य अस्पताल में चल रहा है. मिली जानकारी के अनुसार, परसुडीह थाना क्षेत्र के किताडिह मोहर्रम इमामबाड़ा निवासी उमर हुसैन का पुत्र अमान हुसैन (22 वर्ष) अपने दोस्त विकास प्रसाद (22 वर्ष) के साथ मानगो स्थित अपने रिश्तेदार शेख असलम से मिलने गया था. (नीचे भी पढ़ें)

इसी दौरान किसी पुराने पारिवारिक विवाद को लेकर शेख असलम और उसके परिवार के अन्य सदस्यों ने दोनों युवकों पर हमला कर दिया. हमले में दोनों गंभीर रूप से घायल हो गए. पिता की मदद से दोनों को तत्काल टाटा मुख्य अस्पताल (टीएमएच) में भर्ती कराया गया, जहां उनका इलाज जारी है. घायलों के परिजन शेख सलाउद्दीन ने बताया कि अमान हुसैन का अपने रिश्तेदारों के साथ पिछले कुछ वर्षों से पारिवारिक विवाद चल रहा था. उसी पुरानी रंजिश के कारण इस घटना को अंजाम दिया गया. सूचना मिलते ही आजादनगर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी है. परिजनों ने आरोपियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है.











