जमशेदपुर : जमशेदपुर के टेल्को थाना क्षेत्र स्थित थीम पार्क के पास मंगलवार की देर शाम उस वक्त अफरा-तफरी मच गई, जब एक युवक पर धारदार हथियार से हमला कर दिया गया. इस घटना में घायल युवक की पहचान आदर्श सिंह के रूप में हुई है. गंभीर रूप से जख्मी आदर्श को आनन-फानन में टाटा मुख्य अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां चिकित्सकों के अनुसार उसकी हालत नाजुक बनी हुई है. प्रारंभिक जांच में मामला प्रेम प्रसंग से जुड़ा बताया जा रहा है. घटना के समय एक युवती भी मौके पर मौजूद थी, जिससे आदर्श सिंह का संबंध बताया जा रहा है. जानकारी के अनुसार आदर्श युवती से एकतरफा प्रेम करता था और कई बार समझाने के बावजूद वह पीछे नहीं हट रहा था. (नीचे भी पढ़ें)

बताया जा रहा है कि युवती के कथित प्रेमी फारुक अयान ने आदर्श सिंह पर चापड़ से हमला किया. हालांकि, स्थानीय स्तर पर यह भी चर्चा है कि युवती के कहने पर ही इस वारदात को अंजाम दिया गया, लेकिन इसकी अब तक आधिकारिक पुष्टि नहीं हो सकी है. पुलिस इस एंगल सहित सभी संभावित पहलुओं पर जांच कर रही है और साजिश की आशंका से भी इनकार नहीं किया जा रहा है. घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और आसपास के लोगों से पूछताछ शुरू कर दी. इलाके में दहशत का माहौल है. पुलिस का कहना है कि जल्द ही मामले का खुलासा कर आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा.



