जमशेदपुर : जमशेदपुर के टेल्को थाना क्षेत्र में शनिवार सुबह एक ईंट-बालू कारोबारी पर बाइक सवार दो युवकों ने हमला कर दिया. बदमाशों ने कारोबारी के गले पर चाकू से वार कर उन्हें धमकाया और मौके से फरार हो गए. घटना के बाद घायल कारोबारी थाने पहुंचे और पुलिस को पूरे मामले की जानकारी दी. पीड़ित की पहचान केबल टाउन निवासी सुजीत झा के रूप में हुई है. वह ईंट-बालू के व्यवसाय से जुड़े हैं. सुजीत झा ने बताया कि शनिवार सुबह वह रोजाना की तरह अपने स्टॉक पर पहुंचे थे. इसी दौरान बुलेट बाइक पर सवार दो युवक वहां पहुंचे और बिना किसी परिचय के उनके साथ अभद्र व्यवहार करने लगे. (नीचे भी पढ़ें)
सुजीत झा के अनुसार, युवकों ने उनसे कहा कि ‘तुम बहुत पैसा कमा रहे हो.’ इसके बाद दोनों ने उन्हें पकड़ लिया और गले पर चाकू रखकर धमकाने लगे. विरोध करने पर चाकू उनके गले में लग गया, जिससे वह घायल हो गए. घटना को अंजाम देने के बाद दोनों आरोपी बाइक से फरार हो गए. घायल कारोबारी ने बताया कि वह दोनों युवकों को पहले से नहीं जानते हैं और उनका किसी से कोई विवाद भी नहीं है. उन्होंने कहा कि बदमाशों ने उनसे किसी प्रकार की रंगदारी या पैसे की मांग नहीं की, बल्कि केवल धमकाकर चले गए. घटना के बाद इलाके के व्यापारियों में भय का माहौल है. सुजीत झा ने पुलिस से आरोपियों की पहचान कर उनके खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है. टेल्को थाना पुलिस ने शिकायत दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है.







