जमशेदपुर : जमशेदपुर के कदमा थानांतर्गत रामनगर रोड नंबर 6 निवासी अभिमन्यु कुमार ने वरीय पुलिस अधीक्षक को एक ज्ञापन सौंप कर अपने ऊपर हमला करनेवालों को अविलंब गिरफ्तार किये जाने की मांग की है. अभिमन्यु ने ऐसा नहीं होने पर पूरे परिवार के साथ आमरण अनशन शुरू करने की चेतावनी भी दी है. (नीचे भी पढ़ें)
अभिमन्यु ने अपने ज्ञापन में बताया है कि उसने अपने ऊपर हुए जानलेवा हमले के बारे में विगत 13 दिसंबर को ही एसएसपी कार्यालय में एक ज्ञापन सौंपा था, किन्तु उस पर आज तक कोई कार्रवाई नहीं की गयी. इस बीच विगत 7 फरवरी की रात विकास उर्फ यमराज 40-50 लोगों के साथ उसके घर पहुंच गया एवं लात से मार कर घर का दरवाजा तोड़ने की कोशिश की एवं गाली-गलौज करने लगे. बाद में कदमा थाना पुलिस के पहुंचने पर वे लोग वहां से भागे. अभिमन्यु ने बताया कि इस घटना को लेकर उसका पूरा परिवार सहमा हुआ है. उसने स्थिति को देखते हुए हमले में शामिल दोषियों की अविलंब गिरफ्तारी की मांग करते हुए ऐसा नहीं होने पर पूरे परिवार के साथ आमरण अनशन करने की चेतावनी भी दी है.




