जमशेदपुर : मानगो के आजादनगर थाना परिसर में होली, हिन्दू नववर्ष एवं शब ए बरात को लेकर थाना शांति समिति की विशेष बैठक हुई. इसमें आजादनगर थाना प्रभारी राकेश कुमार, बिजली विभाग के जेई आमिर हमजा, मानगो नगर निगम के नगर प्रबंधक जितेंद्र कुमार मुख्य रूप से उपस्थित रहे. शेख बदरुद्दीन की अध्यक्षता में हुई बैठक में सभा का संचालन थाना शांति समिति के सचिव मुख़्तार आलम खान ने किया. (नीचे भी पढ़ें)
शांति समिति की बैठक में साफ़ तौर पर कहा गया की जिन्हें रंगों या गुलाल से परेशानी हो वे होली खेले जानेवाले स्थानों पर नहीं जायें. शब ए बरात को लेकर अभिभावकों को खास कर बिना लाइसेंस वाले छोटे बच्चों को गाड़ी न देने की हिदायत दी गयी. उन्हें ऐसे बच्चों को साथ में लेकर कब्रिस्तान जाने एवं साथ में लेकर आने को कहा गया. कहा गया कि अकेला छोड़ने पर वे ग्रुप बनाकर मनमानी कर सकते हैं. बैठक में कब्रिस्तान कमेटी से भी आग्रह किया गया कि कब्रिस्तान के आसपास इधर-उधर गाड़ी लगाने वालों से उत्पन्न होने वाली अव्यवस्था से निपटने के लिए टीम बनाने को कहा गया, जो गाडियों को कब्रिस्तान से कुछ दूरी पर व्यवस्थित तरीके से पार्किंग कराये. आज की बैठक में ताहिर हुसैन, शाहिद परवेज, अभिनव कुमार सिन्हा, सुरेंद्र शर्मा, मोइनुद्दीन अंसारी, मोहम्मद कासिम, भवानी सिंह व अन्य लोग शामिल हुए.





