जमशेदपुर : जमशेदपुर के बागबेड़ा प्रधानटोला में पाइप लाइन के लिए खुदाई के दौरान हुए दर्दनाक हादसे में प्रधानटोला निवासी कृष्णा बास्के की मौत हो गई थी. इस मामले को लेकर मुआवजे की मांग को लेकर सोमवार को जमशेदपुर के जिला परिषद अध्यक्ष बारी मुर्मू, उपाध्यक्ष पंकज कुमार सिन्हा, जिला परिषद सदस्य डॉ परितोष सिंह और मुखिया संघ का प्रतिनिधिमंडल एमजीएम अस्पताल पहुंचा, जहां उन्होंने जिला प्रशासन के अधिकारियों के साथ वार्ता की. मौके पर धालभूम एडीसी, बीडीओ और सीओ भी मौजूद थे. प्रतिनिधिमंडल ने मृतक के परिजनों को अविलंब उचित मुआवजा देने की मांग करते हुए घटना की उच्चस्तरीय जांच कराने की भी बात रखी. (नीचे भी पढ़ें)
प्रशासन की ओर से मामले को गंभीरता से लेते हुए आश्वासन दिया गया कि पीड़ित परिवार को हर संभव सहायता उपलब्ध कराई जाएगी और हादसे की विस्तृत जांच की जाएगी. वार्ता के दौरान 6 लाख मुआवजा देने पर सहमति बनी. मौके पर मुखिया संघ के अध्यक्ष राकेश मुर्मू, महासचिव कानू मुर्मू, सरस्वती टुडू, जमुना हांसदा, रेणु कुदादा, धनमनी मार्डी, सुनील किस्कु, मायावती टुडू, सुम्मी केराई और पूर्व जिला परिषद सदस्य किशोर यादव सहित बड़ी संख्या में ग्रामीण भी एमजीएम अस्पताल परिसर में उपस्थित थे. सभी ने एक स्वर में पीड़ित परिवार को जल्द से जल्द न्याय दिलाने की मांग की.











