
जमशेदपुर : जमशेदपुर के जिला न्यायालय में शुक्रवार को हुए जमशेदपुर बार एसोसिएशन चुनाव के बाद शनिवार को बार भवन के प्रथम तल्ले में मतगणना की शुरुआत की गई. इस दौरान रांची से आए पर्यवेक्षक परमेश्वर मंडल, रिंकू भगत और प्रयाग महतो की निगरानी में मतगणना की शुरुआत की गई. पर्यवेक्षकों के रहते बैलेट को खोला गया. हालांकि, मतगणना के लिए सुबह 10 बजे का समय निर्धारित था पर लगभग आधे घंटे की देरी से मतगणना की शुरुआत की गई. मतगणना के बीच किसी भी बाहरी व्यक्ति को भवन के अंदर प्रवेश करने की इजाजत नहीं थी. भवन के अंदर बस प्रर्यवेक्षक, निर्वाचन कमिटि और उम्मीदवारों को ही प्रवेश करने की इजाजत थी.

1369 वोटरों में 1223 ने दिए वोट
शुक्रवार को हुए मतदान में कुल 89 प्रतिशत मतदान हुए, मतदाता सूची में कुल 1369 वोटरों के नाम आए थे. इसमें से कुल 1223 वोट ही पड़े. हालांकि इतने वोट तख्ता पलट करने के लिए काफी है. निर्वाचन कमेटी के अनुसार मतगणना की रफ्तार थोड़ी धीमी है, शाम तक ही परिणाम आएगा. फिलहाल भवन के बाहर भीड़ देखने लायक रही.







