जमशेदपुर: जमशेदपुर के एमजीएम थाना अंतर्गत डिमना एनएच-33 स्थित रेवा के पास बीते 18 अगस्त की शाम टेल्को बारीनगर निवासी सद्दाम हुसैन के साथ मारपीट कर गंभीर रुप से घायल कर दिया गया. स्थानीय लोगों की मदद से उसे इलाज के लिए एमजीएम अस्पताल पहुंचाया गया, उसका इलाज चल रहा है. घायल सद्दाम हुसैन के छोटे भाई ने बताया कि उनका पड़ोसी दानिश के साथ पुराना विवाद चल रहा है.दानिश आए दिन उनके घर पर आकर गाली-गलौज और मारपीट करता है. (नीचे भी पढे)
घटना से तीन दिन पहले भी दानिश देर रात करीब एक बजे घर में घुसकर धमकी देकर गया था. परिजनों का आरोप है कि 18 अगस्त को डिमना एनएच-33 पर रेवा के पास करीब सात-आठ लोगों ने मिलकर सद्दाम को जबरन गाड़ी से उतार कर बुरी तरह पीटा, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया. घटना के बाद सद्दाम के परिजनों ने लिखित शिकायत एमजीएम थाना में दर्ज कराई है. परिजनों ने आरोप लगाया है कि हमलावरों ने पहले से योजना बनाकर इस वारदात को अंजाम दिया. वहीं पुलिस ने शिकायत मिलने के बाद मामले की जांच शुरू कर दी है. पुलिस का कहना है कि घटना से जुड़े सभी तथ्यों की जांच की जा रही है और दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी.











