जमशेदपुर : जमशेदपुर के मानगो गांधी मैदान में सोमवार को जय महाकाल सेवा संघ द्वारा ऐतिहासिक भजन संध्या का आयोजन किया गया. जिसमें लगभग 20000 लोग शामिल हुए. इस भजन संध्या में पहली बार जमशेदपुर में तीन कलाकार ने भजनों की झड़ी लगा दी. भजन संध्या में जमशेदपुर के लोकल कलाकार कृष्णा मूर्ति ने गणेश वंदना और लो संभालो भोले अपनी कावर भजन प्रस्तुत कर भजन संध्या का शुभारंभ किया. (नीचे भी पढ़ें)

इसके पश्चात भजन गायिका देवी ने अपने भजनों से भक्तों को झुमाया. सुनील छैला बिहारी ने तनी खोल दी केवरिया जलवा ढार लेवे दी समेत कई भजनों पर भक्तों को झूमने पर मजबूर कर दिया. कार्यक्रम में सुप्रसिद्ध भजन गायिका शहनाज अख्तर ने यह भगवा रंग से भजनों की शुरुआत की. उसके पश्चात जो राम को लाए हैं हम उनको लाएंगे समेत कई भजन प्रस्तुत किए. भजन संध्या में झारखंड के पूर्व मुख्यमंत्री सह भारतीय जनता पार्टी के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष रघुवर दास, सांसद विद्युत वरण महतो, बीजेपी व्यवसायिक प्रकोष्ठ के संयोजक, जय महाकाल सेवा संघ के मुख्य संरक्षक नीरज सिंह, डॉक्टर दिनेशानंद गोस्वामी, दीपू सिंह, गुंजन यादव समेत शहर के कई लोग शामिल हुए.












