चाकुलिया: बुधवार को जमशेदपुर परिसदन में प्रतिष्ठित रेल कोच निर्माण कंपनी एमएस वोल्टॉस रेल प्रालि कंपनी के प्रोजेक्ट डायरेक्टर व सलाहकार विष्णु गर्ग ने विधायक समीर मोहंती से भेंटकर इस प्रोजेक्ट से जुड़ी विस्तृत जानकारी साझा की. विदित हो कि उक्त कंपनी चाकुलिया में अपनी निर्माण इकाई स्थापित करने का निर्णय लिया है. यह ईस्ट जोन की पहली ऐसी मैन्युफैक्चरिंग यूनिट होगी जो भारतीय रेल की महत्वाकांक्षी परियोजना वंदे भारत एक्सप्रेस के कोच तैयार करेगी. उन्होंने बताया कि लगभग 4000 करोड़ रूपए निवेश से फैक्ट्री स्थापित की जाएगी, जो प्रत्यक्ष एवं अप्रत्यक्ष रूप से 4000 लोगों को रोजगार प्रदान करेगी. (नीचे भी पढ़े)
उन्होंने कहा कि अब तक कंपनी ने लगभग 300 एकड़ भूमि का अधिग्रहण कर लिया है और अगले चरण में 400 एकड़ अतिरिक्त भूमि लेने की योजना है. इस प्रकार कुल 700 एकड़ क्षेत्रफल में यह अत्याधुनिक रेल कोच फैक्ट्री स्थापित होगी. इस ऐतिहासिक परियोजना को मूर्त रुप देने हेतु झारखंड सरकार और कंपनी के बीच अगले माह एमओयू साइन किया जाएगा. यह फैक्ट्री ना सिर्फ बहरागोड़ा विधानसभा बल्कि पूरे पूर्वी सिंहभूम जिला के आर्थिक विकास, रोजगार सृजन और औद्योगिक पहचान में क्रांतिकारी भूमिका निभाएंगी. विधायक समीर मोहंती ने कहा कि मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन के प्रयास से चाकुलिया में बंदे भारत ट्रेन के डब्बा और चक्का निर्माण की फैक्टी लगने जा रही है जो बहरागोड़ा विधानसभा क्षेत्र के लिए औद्योगिक क्रांति का नया अध्याय शुरू होने जा रहा है. सरकार ने इस क्षेत्र को औद्योगिक मानचित्र पर प्रतिष्ठित करने की ऐतिहासिक दिशा में ठोस कदम बढ़ाया है.



