जमशेदपुर : जमशेदपुर के ग्रामीण इलाका घाटशिला के फुलडुंगरी में सर्विस रोड के साथ अंडरपास तथा बहरागोड़ा के पीडब्ल्यूडी चौक पर भव्य फ्लाइओवर निर्माण को मंजूरी मिल गई है. इन दोनों महत्वाकांक्षी परियोजनाओं पर कुल 80 करोड़ 24 लाख 58 हजार 387 की लागत आएगी. इस ऐतिहासिक निर्णय की जानकारी केंद्रीय सड़क परिवहन एवं राजमार्ग मंत्री नितिन गडकरी ने जमशेदपुर के सांसद विद्युत वरण महतो को दी. सांसद ने बुधवार को केंद्रीय मंत्री नितिन गडकरी से मुलाकात की, जिसमें उनको जानकारी दी गयी. इस मुलाकात के दौरान नेशनल हाईवे ऑथोरिटी ऑफ इंडिया (एनएचएआइ) द्वारा पत्राचार के माध्यम से जमशेदपुर के सांसद विद्युत वरण महतो को दी गई. सांसद ने इस महत्वपूर्ण सौगात के लिए केंद्रीय मंत्री श्री गडकरी का आभार जताते हुए कहा कि शिलान्यास के बाद जल्द ही ये दोनों परियोजनाएं धरातल पर उतरेंगी और क्षेत्र की तस्वीर बदल देंगी. इस परियोजना से ट्रैफिक जाम से राहत मिलेगी, सड़क सुरक्षा बेहतर होगी, क्षेत्रीय विकास को नई गति मिलेगी और अब घाटशिला और बहरागोड़ा विकास की नई रफ्तार पकड़ने को तैयार हो जायेगी.



