जमशेदपुर : जमशेदपुर के सोनारी थाना क्षेत्र के बिंदल मॉल स्थित उडिपी रेस्टोरेंट में हुई गोलीबारी की घटना का पुलिस ने खुलासा कर दिया है. इस मामले में पुलिस ने साजिशकर्ता शंकर मुंडा, रमेश कुमार शर्मा उर्फ टीटू, मनोज कुमार सरकार और दीपू कुमार ओझा को गिरफ्तार होने का खुलासा किया है. इसको लेकर जमशेदपुर के एसएसपी डॉ एतेशाम बकारिब ने संवाददाता सम्मेलन कर बताया कि इस घटना में डोमिनिक, रिजवान, दिलशान उर्फ दानिय और कृष्णा चौधरी घायल हुए थे. उनका इलाज टीएमएच में चल रहा है. घटनास्थल से पुलिस ने खोखा, पिलेट्स और खून के नमूने जब्त किये. घटनास्थल पर सीसीटीवी और वीडियो फुटेज का अवलोकन करने में पाया गया कि इस कांड में शूटर मोहन यादव था जबकि दूसरा अजीत मंडल था. इस मामले में तीसरा व्यक्ति की पहचान नहीं हो पायी है. इस मामले में पुलिस ने छत्तीसगढ़ के रायपुर से चारो साजिशकर्ताओं को गिरफ्तार किया. (नीचे भी पढ़ें)

पुलिस ने बताया कि इस कांड को रेलवे की ठेकेदारी और जमीन कारोबार को लेकर अंजाम दिया गया है. पूर्व में जमीन खरीद फरोख्त को लेकर आपसी रंजिश के कारण इस घटना को इन चारों ने मिलकर अंजाम दिलाया था. सीतारामडेरा निवासी शंकर मुंडा के खिलाफ सिदगोड़ा, डुमरिया के अलावा टाटानगर रेल थाना में 6 केस दर्ज है. जबकि परसुडीह खासमहल निवासी रमेश शर्मा उर्फ गुड्डू शर्मा उर्फ टीटू शर्मा उर्फ अमित शर्मा के खिलाफ 13 केस, परसुडीह के प्रमोदनगर निवासी मनोज कुमार सरकार के खिलाफ सात केस और बिरसानगर निवासी दीपू कुमार ओझा के खिलाफ तीन केस दर्ज है. पुलिस ने उनके एरटिगा कार और 6 मोबाइल जब्त किया है. इस मामले मे शूटर को गिरफ्तार करने का प्रयास किया जा रहा है.







