जमशेदपुर : भारतीय मानक ब्यूरो (बीआइएस), जमशेदपुर शाखा कार्यालय ने 27 मार्च को कोडरमा जिले के गुझंडी स्थित मेसर्स त्रिवेणी गोल्ड पाइप के परिसर में प्रवर्तन छापेमारी की. विद्युत प्रतिष्ठानों के लिए नलिका बनाने वाली यह फर्म बीआइएस से वैध लाइसेंस के बिना अपने उत्पादों पर आईएसआई मार्क का उपयोग करती पाई गई. आइएसआइ मार्क के दुरुपयोग के बारे में प्राप्त विश्वसनीय जानकारी के आधार पर छापेमारी की गई. जवाब में, निदेशक सह बीआइएस जमशेदपुर प्रमुख कुणाल कुमार ने ऑपरेशन के लिए एक समर्पित टीम बनाई. टीम में वैज्ञानिक-ई कौशलेंद्र कुमार, वैज्ञानिक-डी दिलीप चट्टर और पीएस रोहित कुमार शामिल थे, जिन्होंने तलाशी और जब्ती अभियान चलाया. (नीचे भी पढ़ें)
कार्रवाई के दौरान, आइएसआइ मार्क वाले कुल 36,570 पाइप (प्रत्येक की लंबाई 3 मीटर) जब्त किए गए, जो बीआइएस लाइसेंसिंग मानदंडों का उल्लंघन करते पाए गए दुरुपयोग के तहत सभी सामान को बीआइएस टीम द्वारा जब्त कर लिया गया. वैज्ञानिक-ई कौशलेंद्र कुमार ने बताया कि फर्म ने भारतीय मानक ब्यूरो अधिनियम, 2016 की धारा 17 के प्रावधानों का उल्लंघन किया है. उन्होंने आगे बताया कि बीआइएस अधिनियम की धारा 29 (3) के तहत, इस तरह के उल्लंघन के लिए 2 साल तक की कैद या कम से कम 2 लाख रुपये का जुर्माना हो सकता है, जो जब्त किए गए सामान या वस्तुओं के मूल्य का 10 गुना तक हो सकता है. बीआइएस बाजार में बेचे जाने वाले उत्पादों की गुणवत्ता और सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए प्रतिबद्ध है और राष्ट्रीय मानकों के ऐसे किसी भी उल्लंघन के खिलाफ कड़ी कार्रवाई करना जारी रखेगा.











