गालूडीह: खड़िया कॉलोनी बस स्टैंड के पास हाइवे किनारे सरकारी भूमि पर गुरुवार को पायरागुड़ी गांव के बिरहीगोड़ा टोला निवासी कालोसोना भकत मुर्गा दुकान खोल रहा था. जिसका ग्रामीणों ने जमकर विरोध किया. सूचना पर मामले की जांच करने अंचल निरीक्षक सुरेश राम, अंचल उप निरीक्षक किशन राय, अभिनाश मोहंती, आशुतोष चौबे और राजकुमार प्रसाद पहुंचे. उन्होंने कहा कि सरकारी जमीन पर किसी भी हालत में दुकान का निर्माण नहीं होगा. इधर, ग्रामीणों ने बताया कि सरकारी जमीन पर दुकान बनाने नहीं देंगे.(नीचे भी पढ़े)
उक्त जमीन के पास राधा कृष्ण मिलनकुंज धाम मंदिर है. मंदिर के पास मांस की दुकान खोलने से मंदिर परिसर के आस पास का वातावरण दूषित हो जाएगा. मंदिर के पास किसी भी हालत में मांस की दुकान खोलने नहीं दिया जायेगा. कालोसोना भकत ने बताया कि खड़िया कॉलोनी बस स्टैंड के पास अमिय महतो के रैयती जमीन पर वर्षो से पोल्ट्री मुर्गा का दुकान चला रहा था.किसी कारणवश मुझे वहां से दुकान को हटाना पड़ा. खड़िया कॉलोनी बस स्टैंड के पास सरकारी जमीन पर पहले से कई दुकान चल रहा है. मुझे भी बस स्टैंड के पास दुकान चलाने लायक जगह दी जाए ताकि मैं अपने परिवार का भरण पोषण कर सकूं.














