जमशेदपुर : भाजपा जमशेदपुर महानगर के तत्वावधान में शुक्रवार को साकची स्थित जिला भाजपा कार्यालय में महत्वपूर्ण संगठनात्मक बैठक सम्पन्न हुई. जमशेदपुर महानगर अध्यक्ष संजीव सिन्हा की अध्यक्षता में आयोजित बैठक में सांसद विद्युत वरण महतो, जमशेदपुर पूर्वी की विधायक पूर्णिमा साहू, पोटका की पूर्व विधायक मेनका सरदार, पूर्व जिलाध्यक्ष अभय सिंह समेत जिला पदाधिकारी व मंडल अध्यक्षगण मुख्यरूप से मौजूद रहे. इस दौरान संगठन की मजबूती एवं आगामी कार्यक्रमों की सफलता सुनिश्चित करने को लेकर विस्तृत चर्चा की गई. नेताओं ने कार्यक्रमों की रूपरेखा तैयार करते हुए कार्यकर्ताओं की भूमिका और सक्रियता पर विशेष बल दिया. (नीचे भी पढ़े)

इस दौरान विभिन्न मंडल अध्यक्षों को संगठनात्मक गतिविधियों एवं आगामी कार्यक्रमों की सफलता के लिए विशेष दिशा-निर्देश भी दिए गए. बैठक को संबोधित करते हुए सांसद विद्युत वरण महतो ने कहा कि आगामी दिनों में पार्टी द्वारा कई महत्वपूर्ण कार्यक्रम आयोजित किए जाने हैं. विभिन्न जनमुद्दों एवं अभियान को लेकर व्यापक स्तर पर कार्यक्रम आयोजित होंगे. ऐसे में सभी कार्यकर्ताओं को सक्रिय होकर रणनीति के साथ तैयारी करनी होगी. उन्होंने जोर देते हुए कहा कि इन कार्यक्रमों को सफल बनाने के लिए संगठनात्मक समन्वय के साथ-साथ आम जनों की अधिकतम भागीदारी सुनिश्चित करना हम सभी की जिम्मेदारी है. वहीं, विधायक पूर्णिमा साहू ने कहा कि आगामी कार्यक्रमों में नारी शक्ति की भूमिका अत्यंत महत्वपूर्ण होने जा रही है. उन्होंने सभी महिला कार्यकर्ताओं से सक्रिय होकर तैयारी में जुटने का आह्वान किया. उन्होंने कहा कि कार्यक्रम की सफलता कार्यकर्ताओं की परिश्रम, सक्रियता, अनुशासन और समर्पण में निहित है. (नीचे भी पढ़े)

जमशेदपुर महानगर अध्यक्ष संजीव सिन्हा ने संगठनात्मक दृष्टिकोण से महत्वपूर्ण कई विषयों पर विस्तारपूर्वक चर्चा की. उन्होंने कहा कि आगामी कार्यक्रमों की सफलता और भव्यता में प्रत्येक मंडल, प्रत्येक बूथ और प्रत्येक कार्यकर्ता की भूमिका महत्वपूर्ण है. उन्होंने सभी मंडल अध्यक्ष को कार्यक्रम के संदर्भ में विस्तृत जानकारी दी. बैठक में मंच संचालन जिला महामंत्री अनिल मोदी एवं धन्यवाद ज्ञापन अनुसूचित जाति मोर्चा अध्यक्ष पोरेश मुखी ने किया. बैठक में बबुआ सिंह, राजीव सिंह, रेणु शर्मा, अनिल मोदी, संजीव सिंह, जितेंद्र राय, पप्पू सिंह, विजय तिवारी, कृष्णा शर्मा काली, सुबोध झा, प्रेम झा, ज्ञान प्रकाश, बिनोद सिंह, संजीत चौरसिया, अमित सिंह, नवल किशोर पासवान, नीतीश कुशवाहा, मुचिराम बाउरी, नीलु मछुआ, मंजीत सिंह समेत सभी मंडलों के अध्यक्षगण मौजूद रहे.



