जमशेदपुर : पूर्वी सिंहभूम जिले में लगातार गहराती बिजली और पानी की समस्या को लेकर जमशेदपुर महानगर भारतीय जनता पार्टी के तत्वावधान में यहां उपायुक्त कार्यालय के समक्ष जोरदार प्रदर्शन किया गया. इस प्रदर्शन में बड़ी संख्या में भाजपा कार्यकर्ताओं ने भाग लिया और राज्य सरकार के खिलाफ जमकर नारेबाजी की. प्रदर्शन में पूर्णिमा साहू, पूर्व मुख्यमंत्री रघुवर दास, पूर्व सांसद सहित सैकड़ों की संख्या में पार्टी कार्यकर्ता उपस्थित रहे. (नीचे भी पढ़ें)

प्रदर्शन के दौरान भाजपा कार्यकर्ताओं ने जिले में जारी बिजली कटौती और पेयजल संकट को लेकर सरकार के खिलाफ अपना आक्रोश जाहिर किया. खास तौर पर महिलाओं की भागीदारी इस प्रदर्शन में आकर्षण का केंद्र रही. विधायक पूर्णिमा साहू के नेतृत्व में महिलाओं ने सिर पर मिट्टी की हांडी रखकर विरोध प्रदर्शन किया, जो जिले में पानी की गंभीर समस्या का प्रतीक था. महिलाओं का कहना था कि घरों में पानी की भारी किल्लत है और रोजमर्रा के कामकाज प्रभावित हो रहे हैं. (नीचे भी पढ़ें)
प्रदर्शन के दौरान भाजपा नेताओं ने आरोप लगाया कि पूरे पूर्वी सिंहभूम जिले में बिजली और पानी आपूर्ति की स्थिति दिन-ब-दिन बदतर होती जा रही है. लोगों को घंटों बिजली कटौती का सामना करना पड़ रहा है, जिससे आम जनजीवन अस्त-व्यस्त हो गया है. गर्मी के इस मौसम में बिजली की अनियमित आपूर्ति लोगों के लिए बड़ी परेशानी बन गई है. वहीं दूसरी ओर पेयजल संकट ने लोगों की मुश्किलें और बढ़ा दी हैं. (नीचे भी पढ़ें)
विधायक पूर्णिमा साहू ने कहा कि जिले के कई इलाकों में लोग पानी के लिए तरस रहे हैं. कई मोहल्लों में जलापूर्ति बाधित है, जिसके कारण लोगों को दूर-दूर से पानी लाना पड़ रहा है. उन्होंने कहा कि बिजली की समस्या ने लोगों का जीना मुश्किल कर दिया है. बार-बार बिजली कटने से बच्चों की पढ़ाई, व्यापार और घरेलू कामकाज प्रभावित हो रहे हैं, लेकिन सरकार इस दिशा में कोई ठोस कदम नहीं उठा रही है. (नीचे भी पढ़ें)
पूर्व मुख्यमंत्री रघुवर दास ने भी राज्य सरकार पर निशाना साधते हुए कहा कि जनता मूलभूत सुविधाओं के लिए संघर्ष कर रही है, लेकिन सरकार जनता की समस्याओं के प्रति गंभीर नहीं है. उन्होंने कहा कि पानी और बिजली जैसी बुनियादी सुविधाएं उपलब्ध कराना सरकार की प्राथमिक जिम्मेदारी है, लेकिन वर्तमान सरकार इस जिम्मेदारी को निभाने में विफल साबित हो रही है. (नीचे भी पढ़ें)
प्रदर्शन के अंत में भाजपा नेताओं ने उपायुक्त के माध्यम से राज्य सरकार को ज्ञापन सौंपते हुए बिजली और पानी की समस्या का तत्काल समाधान कराने की मांग की. पार्टी नेताओं ने चेतावनी दी कि यदि जल्द ही समस्या का समाधान नहीं किया गया तो भाजपा आने वाले दिनों में और उग्र आंदोलन करने को बाध्य होगी. इस प्रदर्शन के कारण उपायुक्त कार्यालय परिसर में काफी देर तक राजनीतिक हलचल बनी रही.







