जमशेदपुर : स्वयंसेवी संस्था “सहयोग से सेवा” की ओर से रविवार को बाराद्वारी मैदान में जरूरतमंद सब्जी विक्रेताओं को दोपहर का भोजन कराने के साथ ही उनके बीच कंबल का वितरण किया गया. इस अवसर पर आज करीब तीन सौ लोगों को भोजन कराने के पश्चात उन्हें कंबल भी प्रदान किये गये. (नीचे भी पढ़ें)

बताते चलें कि बाराद्वारी मैदान में लगनेवाली हाट में अमूमन हर रोज दूर दराज के ग्रामीण ताजी सब्ज़ियों की बिक्री करने पहुंचते हैं सब्जियों के अलावा ये ग्रामीण मौसमी फल, दातुन, दोना पत्ते, मुढ़ी और अनेक मोटे अनाज इत्यादि भी बिक्री के लिए लाते हैं, जिनका उत्पादन भी गांव में ज्यादातर ये खुद ही करते हैं. गौरतलब है कि कड़ी मेहनत के बाद भी अति निम्न आय के कारण इनके समक्ष “रोटी, कपड़ा और मकान” की समस्या पहाड़ बनकर हर वक्त खड़ी रहती है और स्वाभाविक रूप से मौसम की मार भी सबसे ज्यादा इन्हें ही झेलनी पड़ती है. स्वयंसेवी संगठन “सहयोग से सेवा” ने इनकी तकलीफ को महसूस करते हुए उनकी रोटी और कपड़ा की समस्या के निदान की सार्थक पहल की है. इस दिशा में ठोस कदम उठाते हुए टीम “सहयोग से सेवा” कोरोना काल से ही प्रतिदिन निःशुल्क मध्याह्न भोजन की व्यवस्था कर रही है और प्रतिवर्ष पर्व त्योहार के मौके पर नए कपड़े भी बांटे जाते हैं. (नीचे भी पढ़ें)
आज रविवार के कारण बाराद्वारी सब्जी मंडी में अधिक भीड़ थी. अन्य दिनों में जहां करीब डेढ़ सौ ग्रामीणों के लिए भोजन काफी होता है, वहीं आज करीब तीन सौ सौ लोगों के भोजन की व्यवस्था की गई. कतार में खड़े अनुशासित ग्रामीण काफी उत्साहित और खुश दिख रहे थे. सभी के हाथों में भोजन की थाली के साथ एक कंबल भी था. कुछ कंबल और भी मंगवाए गए हैं जो रात में ऐसे लोगों में बांटे जाएंगे जो सड़क पर जीवन बसर करने को मजबूर हैं.














