जमशेदपुर : एमजीएम थाना क्षेत्र के सिमुलडांगा मिशन घाट पर रविवार को उस समय अफरातफरी मच गई जब स्वर्णरेखा नदी से एक युवक का शव बरामद हुआ. कुछ ही देर में पूरे इलाके में सनसनी फैल गई मृतक काले रंग की जीन्स, सफेद चेक शर्ट और काले जूते पहना हुआ है, यह वही कपड़े हैं जिनमें सूरज गोराई 19 सितम्बर को घर से निकला था. परिजनों ने भी कपड़ों की पहचान कर आशंका जताई कि बरामद शव सूरज का ही है. (नीचे भी पढ़ें)
गौरतलब है कि 19 सितम्बर को ही सूरज गोराई की बुलेट मोटरसाइकिल सोनारी डोबो न्यू ब्रिज से बरामद हुई थी. उस वक्त सोनारी थाना प्रभारी ने बताया था कि सूरज ने अपने एक दोस्त को फोन कर आखिरी बार इतना कहा था मैं जा रहा हूं, ध्यान रखना.” इसके बाद से ही वह लापता था. सूचना मिलते ही एमजीएम थाना पुलिस घटनास्थल पर पहुंची और मामले की जांच में जुट गई है. सूरज की गुमशुदगी और अब शव बरामद होने की घटना ने पूरे शहर में रहस्य और चिंता का माहौल पैदा कर दिया है. इधर पुलिस ने शव को पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया है.











