जमशेदपुर : जमशेदपुर से सटे सरायकेला-खरसावां जिले के कपाली ओपी क्षेत्र अंतर्गत कपाली बस्ती नदी घाट में शनिवार दोपहर अज्ञात बुजुर्ग महिला का शव मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई. नदी घाट के समीप झाड़ियों में शव फंसा होने की सूचना मिलते ही आसपास के लोगों की भीड़ मौके पर जुट गई. सूचना मिलते ही कपाली ओपी पुलिस मौके पर पहुंची और स्थानीय लोगों की मदद से शव को पानी से बाहर निकलवाया. इसके बाद पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया. प्रारंभिक जानकारी के अनुसार बरामद शव एक बुजुर्ग महिला का है. (नीचे भी पढ़ें)

हालांकि, देर शाम तक उसकी पहचान नहीं हो सकी थी. पुलिस मृतका की पहचान कराने के लिए आसपास के इलाकों में जानकारी जुटा रही है. साथ ही यह पता लगाने का प्रयास किया जा रहा है कि महिला कौन थी, कहां की रहने वाली थी और उसकी मौत किन परिस्थितियों में हुई. बताया जा रहा है कि जिस नदी घाट के पास शव बरामद हुआ है, उसके आसपास अंतिम संस्कार भी किया जाता है. ऐसे में आशंका जताई जा रही है कि नदी के तेज बहाव में कोई पुराना शव मसानघाट से बहकर आया हो और झाड़ियों में फंस गया हो. (नीचे भी पढ़ें)
हालांकि, पुलिस ने इस आशंका की आधिकारिक पुष्टि नहीं की है. पुलिस सभी संभावित पहलुओं को ध्यान में रखकर मामले की जांच कर रही है. शव की स्थिति और पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही महिला की मौत के समय और परिस्थितियों को लेकर स्थिति स्पष्ट हो सकेगी. फिलहाल कपाली पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजकर मृतका की पहचान कराने का प्रयास शुरू कर दिया है.




