जमशेदपुर : जमशेदपुर से सटे सरायकेला-खरसावां जिले के कपाली ओपी क्षेत्र के फॉरेस्ट इलाके के घने जंगल से मंगलवार को एक अज्ञात महिला का शव बरामद किया गया. महिला का शव पेड़ से लटका हुआ मिला. घटना का पता उस समय चला, जब आसपास के बच्चे जंगल में क्रिकेट खेल रहे थे. गेंद तलाशने के दौरान उनकी नजर पेड़ से लटके शव पर पड़ी, जिसके बाद उन्होंने स्थानीय लोगों और पुलिस को सूचना दी. सूचना मिलते ही कपाली ओपी पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया. मृतका ने लाल रंग की नाइटी पहन रखी थी. फिलहाल उसकी पहचान नहीं हो सकी है. (नीचे भी पढ़ें)
वह कहां की रहने वाली थी, जंगल तक कैसे पहुंची और उसकी मौत किन परिस्थितियों में हुई, इसका अभी तक पता नहीं चल सका है. पुलिस के अनुसार, पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के कारणों पर स्पष्ट रूप से कुछ कहा जा सकेगा. फिलहाल मामले की जांच जारी है और पुलिस सभी संभावित पहलुओं को ध्यान में रखकर साक्ष्य जुटा रही है. जांच पूरी होने के बाद ही घटना की वास्तविक वजह स्पष्ट हो सकेगी.






