जमशेदपुर: सरायकेला- खरसावां जिले के कपाली थाना क्षेत्र के टीओपी चौक के पास शनिवार को उस वक्त अफरा-तफरी मच गई, जब बीच-बचाव करने पहुंचे एक युवक पर कुछ युवकों ने चाकू से हमला कर दिया. घटना में युवक गंभीर रूप से घायल हो गया, जिसे इलाज के लिए एमजीएम अस्पताल में भर्ती कराया गया है. जानकारी के अनुसार घायल युवक की पहचान आदिल अहमद (26 वर्ष) के रूप में हुई है. आदिल टीओपी चौक से अपने घर अशरफी मस्जिद की ओर जा रहा था. इसी दौरान सड़क पर एक बुजुर्ग व्यक्ति से कुछ युवकों का गाड़ी आगे-पीछे करने को लेकर विवाद हो रहा था. विवाद इतना बढ़ गया कि मौके पर लोगों की भीड़ जुटने लगी.बताया जाता है कि आदिल ने स्थिति को बिगड़ता देख बीच-बचाव करने की कोशिश की और युवकों से झगड़ा खत्म करने की अपील की. इसी बात से नाराज होकर विवाद कर रहे युवकों ने आदिल के साथ बहस शुरू कर दी. (नीचे भी पढ़े)
देखते ही देखते मामला हिंसक हो गया और युवकों ने आदिल पर चाकू से हमला कर दिया. हमले में आदिल गंभीर रूप से घायल हो गया, जबकि आरोपी युवक मौके से फरार हो गए.घटना के बाद टीओपी चौक पर हड़कंप मच गया. स्थानीय लोगों ने तुरंत मामले की सूचना कपाली पुलिस को दी. सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और घायल आदिल को तत्काल इलाज के लिए एमजीएम अस्पताल भेजा. अस्पताल सूत्रों के अनुसार आदिल की हालत फिलहाल स्थिर बताई जा रही है, हालांकि उसे गहरी चोटें आई हैं.कपाली पुलिस ने मामले को गंभीरता से लेते हुए जांच शुरू कर दी है. पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है और प्रत्यक्षदर्शियों से पूछताछ की जा रही है. थाना प्रभारी ने बताया कि आरोपियों की पहचान कर ली गई है और उनकी गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी की जा रही है. जल्द ही आरोपियों को गिरफ्तार कर कानूनी कार्रवाई की जाएगी.



