जमशेदपुर : जमशेदपुर से सटे कपाली क्षेत्र में गुरुवार की सुबह सोनारी के ग्वाला बस्ती निवासी 20 वर्षीय शिवम सिंह की हत्या के मामले को लेकर लोगों में गुस्सा है. अपराधियों की गिरफ्तारी की मांग को लेकर स्थानीय लोगों ने सोनारी कांदरबेड़ा मुख्य मार्ग को जाम कर दिया. लोगों ने डोबो से आगे कमारगोड़ा कपाली मोड़ के पास डोबो के मेन रोड को जाम कर दिया. लोग हत्यारों की गिरफ्तारी की मांग कर रहे है. इसको लेकर पूरे सड़क पर टायर जला दिया गया है. इससे क्षेत्र में जाम लग गया है. बताया जाता है कि सोनारी ग्वाला बस्ती निवासी जयराजन सिंह के बेटे और झारखंड क्षत्रिय संघ के सोनारी इकाई के उपाध्यक्ष जीतेंद्र सिंह के भतीजे 20 वर्षीय शिवम सिंह की लाश मिली थी. (नीचे भी पढ़ें)

उसके गर्दन समेत शरीर के अन्य हिस्से को काट दिया गया था. बताया जाता है कि शिवम सिंह की हत्या धारदार हथियार से कर दी गयी. पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए एमजीएम अस्पताल भेज दिया. इसके बाद इसकी जानकारी पुलिस ने परिजनों को दी. परिजनों द्वारा पुलिस को बताया गया कि एक युवक, जिससे पहले लड़ाई हुई थी, वह कपाली का रहने वाला है. वह लड़ाई के बाद दोस्ती कर लिया था. वह मैरिन ड्राइव सोनारी में चाय की दुकान चलाता है. उसके साथ ही रात में शिवम निकला था, जिसके बाद शव मिला. यह बताया गया है कि कपाली में ले जाकर सुनियोजित तरीके से शिवम की हत्या की गयी. लोगों ने हंगामा किया कि तत्काल आरोपियों को गिरफ्तार किया जाये. मृतक के परिजनों को मुआवजा देने की भी मांग की गयी.



