सरायकेला: आगामी मुहर्रम पर्व को शांतिपूर्ण, सुरक्षित एवं सौहार्दपूर्ण वातावरण में संपन्न कराने के उद्देश्य से जमशेदपुर से सटे सरायकेला-खरसावां पुलिस ने अपनी तैयारियां तेज कर दी हैं. पुलिस अधीक्षक निधि द्विवेदी के निर्देश पर शनिवार को कपाली ओपी प्रभारी अविनाश कुमार ने पुलिस टीम के साथ क्षेत्र में प्रस्तावित मुहर्रम जुलूस मार्ग का निरीक्षण किया. निरीक्षण के दौरान जुलूस मार्ग पर सुरक्षा व्यवस्था, यातायात संचालन, संवेदनशील स्थलों, बैरिकेडिंग, सड़क की स्थिति तथा अन्य आवश्यक व्यवस्थाओं का जायजा लिया गया. साथ ही जुलूस के दौरान किसी भी प्रकार की बाधा उत्पन्न न हो, इसके लिए आवश्यक दिशा-निर्देश भी दिए गए. (नीचे भी पढ़ें)
ओपी प्रभारी अविनाश कुमार ने संबंधित अधिकारियों एवं स्थानीय समिति के सदस्यों के साथ समन्वय स्थापित करते हुए पर्व के दौरान कानून-व्यवस्था बनाए रखने में सहयोग की अपील की. उन्होंने कहा कि मुहर्रम के दौरान पर्याप्त संख्या में पुलिस बल की तैनाती की जाएगी तथा संवेदनशील क्षेत्रों में विशेष निगरानी रखी जाएगी. उन्होंने लोगों से सोशल मीडिया पर किसी भी प्रकार की भ्रामक या अफवाह फैलाने वाली पोस्ट साझा नहीं करने की अपील करते हुए कहा कि किसी भी संदिग्ध गतिविधि या सूचना की तत्काल पुलिस को जानकारी दें. प्रशासन हर स्थिति पर नजर रखे हुए है और पर्व को शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराने के लिए सभी आवश्यक तैयारियां की जा रही हैं.







