
जमशेदपुर : जमशेदपुर पुलिस के लिए कदमा में अपनी पत्नी, दो बेटी और ट्युशन टीचर की हत्या का मामला काफी पेचिदा होता जा रहा है. इस मामले के चार दिन बीत जाने के बाद भी पुलिस किसी निष्कर्ष तक नहीं पहुंच पाई है. दरअसल, हत्यारा जब तक पकड़ा नहीं जाता है, तब तक पूरे राज खुलना मुश्किल है. इधर पुलिस ने इस मामले में अब तक 50 से ज्यादा लोगों से पूछताछ की है, जिसमें दीपक के परिजनों से लेकर करीबी तक शामिल है. इधर पुलिस ने कई टीम बनाकर कई जगहों पर छापेमारी भी की है. कदमा थाना प्रभारी मनोज ठाकुर ने बताया कि आरोपी दीपक को जल्द से जल्द गिरफ्तार किया जाएगा.
दीपक और परिजनों की सीडीआर खंगाल रही पुलिस
पुलिस द्वारा दीपक और उसके करीबी लोगों के मोबाइल फोन कॉल रिकॉर्ड (सीडीआर) को खंगाला जा रहा है. हाल के दिनों में दीपक किन-किन लोगों से ज्यादा बातचीत करता था, इस पर भी पुलिस ध्यान दे रही है. पुलिस आस-पास के लोगों से उसकी हाल की गतिविधि भी तलाश रही है कि वह किन लोगों से मिलता था या कहां जाता था. पुलिस दीपक के साथियों से भी पूछताछ कर रही है. सीडीआर के माध्यम से पुलिस कई बिंदु पर जांच कर रही है साथ ही सभी से पुछताछ भी कर रही है. उसके तथाकथित गर्लफ्रेंड का भी पता लगाया जा रहा है, जिससे वह बातें किया करता था.
जरुरत पड़ी तो रिवार्ड भी रख सकती है पुलिस
दीपक की तलाश में पुलिस कई जगहों पर छापेमारी भी कर रही है. इधर पुलिस द्वारा दीपक की गिरफ्तारी के लिए रिवार्ड भी रखा जा सकता है. हालांकि सोशल मीडिया पर दीपक का पता बताने वाले को एक लाख की इनामी राशि देने की चर्चा काफी जोरों पर है. इस मामले में थाना प्रभारी मनोज ठाकुर ने बताया कि दीपक की गिरफ्तारी के लिए जरुरत पड़ी तो सोशल मीडिया पर इश्तेहार दिए जाएंगे साथ ही झारखंड पुलिस की वेबसाइट पर भी इसे हाइलाइट किया जाएगा ताकि तो भी दीपक को देखे वो तुरंत पुलिस को खबर करे.
मृतक की पत्नी और ट्युशन टीचर के साथ के संबंधों को खंगाल रही है पुलिस
पुलिस मृतक की पत्नी के किसी ऐसे संबंधों का भी पता लगा रही है कि कहीं उससे कोई सबूत मिल जाये तो ट्युशन टीचर के साथ के संबंधों को भी पुलिस खंगाल रही है. मृतक ट्युशन टीचर के साथ अगर अवैध संबंध दीपक के होते तो रेप जैसे हालात क्यों उत्पन्न होते और फिर क्यों उस ट्युशन टीचर को वह मारता. बीवी और बच्चों को मारकर कोई कहानी गढ़ता और फिर लड़की के साथ रह सकता था. लेकिन पुलिस कोई निष्कर्ष पर नहीं पहुंच पायी है और सारी माथापच्ची कर कोशिश कर रही है कि इस हत्याकांड पर से पर्दा को उठाया जा सके.





