जमशेदपुर : जमशेदपुर के एक कारोबारी से रंगदारी मांगने और रंगदारी नहीं देने पर जान से मारने की धमकी देने का मामला सामने आया है. घटना के बाद से कारोबारी और उनका परिवार दहशत में है. मामले की जानकारी पुलिस को दिए जाने के बाद सोनारी थाना में कारोबारी के आवेदन पर विशाल सिंह नामक युवक के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की गई है. पुलिस को दिए आवेदन में कारोबारी ने बताया है कि रंगदारी मांगने वाले युवक ने फोन पर अपना नाम विशाल सिंह बताया था. उसने पहली बार 4 सितंबर को रंगदारी की मांग की. इसके बाद लगातार रंगदारी देने के लिए दबाव बनाया जाता रहा. रंगदारी नहीं देने पर जान से मारने की धमकी भी दी गई. लगातार मिल रही धमकियों से परेशान होकर कारोबारी ने पुलिस से शिकायत की. कारोबारी के अनुसार, धमकी मिलने के बाद परिवार के लोगों में भी भय का माहौल है. पुलिस ने शिकायत को गंभीरता से लेते हुए प्राथमिकी दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है. (नीचे भी पढ़ें)
सोनारी थाना पुलिस के अनुसार, मामले में कॉल डिटेल रिकॉर्ड (सीडीआर) निकाला जा रहा है. जिस नंबर से कारोबारी को फोन किया गया, उसकी जांच के साथ ही विशाल सिंह के बारे में भी जानकारी जुटाई जा रही है. पुलिस का कहना है कि जांच के बाद जल्द ही मामले में आवश्यक कार्रवाई की जाएगी.




