
जमशेदपुर : जमशेदपुर के मानगो थाना अंतर्गत मानगो चौक के पास दाईगुटू निवासी विशाल ठाकुर से पांच से छह की संख्या में आए बदमाशों ने पहले तो उसके साथ मारपीट की और फिर गले से चेन छीनकर फरार हो गए. घटना के बाद विशाल ने अपना इलाज एमजीएम अस्पताल में कराया जहां से वह शिकायत करने मानगो थाना पहुंचा. उसने मानगो थाना में लिखित शिकायत की है. विशाल ने बताया कि वह मानगो चौक के पास सब्जी खरीद रहा था. तभी उसके पास पांच से छह की संख्या में युवक आए और पहले उसके साथ मारपीट करने लगे. मारपीट करने के बाद वह चेन छीनकर मौके से फरार हो गए. स्थानीय लोगों ने उन्हे पकड़ने का भी प्रयास किया पर वे वहां से भाग गए. विशाल ने बताया कि वो बदमाशों को देखकर पहचान सकता है.





