जमशेदपुर : जमशेदपुर के सिदगोड़ा थाना क्षेत्र स्थित लालभट्ठा मेन रोड पर शुक्रवार शाम एक दर्दनाक सड़क हादसे में 10 वर्षीय बच्चे की मौत हो गई. मृतक की पहचान राज मुंडुइया (10) के रूप में हुई है. घटना के बाद इलाके में भारी आक्रोश फैल गया और गुस्साए लोगों ने सड़क को जाम कर दिया. (नीचे भी पढ़ें)

बताया जा रहा है कि राज अपने पिता के साथ पास स्थित नदी की ओर गया था. नदी से पानी पीने के बाद वह घर की ओर लौट रहा था. इसी दौरान तेज रफ्तार से आ रही एक हाइवा ने उसे चपेट में ले लिया. टक्कर इतनी भीषण थी कि बच्चे की मौके पर ही मौत हो गई. हादसे की सूचना मिलते ही आसपास के लोग मौके पर जुट गए. घटना के बाद लोगों ने भागने की कोशिश कर रहे हाइवा चालक को पकड़ लिया. आक्रोशित भीड़ ने पहले चालक की जमकर पिटाई की और बाद में उसे पुलिस के हवाले कर दिया. स्थानीय लोगों का आरोप है कि चालक नशे की हालत में वाहन चला रहा था, जिसके कारण यह दर्दनाक हादसा हुआ. (नीचे भी पढ़ें)

इधर, राज के पिता को जब मोबाइल फोन पर घटना की सूचना मिली तो वे तुरत घटनास्थल की ओर दौड़े, लेकिन जब तक वे वहां पहुंचे, तब तक उनके बेटे की मौत हो चुकी थी. बेटे का शव देखकर परिवार के लोगों का रो-रोकर बुरा हाल था. (नीचे भी पढ़ें)

उधर, हादसे से नाराज बस्ती के लोगों ने बच्चे के शव को सड़क पर रखकर लाल भट्ठा मेन रोड को जाम कर दिया और हंगामा करने लगे. लोगों की मांग थी कि दोषी चालक के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाए और पीड़ित परिवार को मुआवजा दिया जाए. घटना की सूचना मिलने पर सिदगोड़ा थाना पुलिस मौके पर पहुंची और लोगों को समझाने-बुझाने का प्रयास कर रही है. हालांकि देर शाम खबर लिखे जाने तक लोगों का गुस्सा शांत नहीं हुआ था और सड़क पर तनाव बना हुआ था.







