जमशेदपुर: जमशेदपुर पश्चिम हलुदबनी पंचायत भवन में रविवार को सामुदायिक पुलिसिंग के तहत परसुडीह थाना प्रभारी अविनाश कुमार के नेतृत्व में एक विशेष बैठक आयोजित की गई. बैठक में क्षेत्र में बढ़ते अपराध, चोरी की घटनाओं और नशे की समस्या को लेकर गंभीर चर्चा हुई. बड़ी संख्या में ग्रामीणों और गणमान्य लोगों ने इसमें हिस्सा लिया और अपनी समस्याओं को सामने रखा. थाना प्रभारी अविनाश कुमार ने कहा कि पुलिस का उद्देश्य केवल अपराधियों को पकड़ना ही नहीं, बल्कि समाज में जागरूकता लाना भी है. (नीचे भी पढ़े)
उन्होंने कहा कि एसएसपी के निर्देश पर थाना क्षेत्र में लगातार जन संवाद कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं. इसके माध्यम से नशा और चोरी जैसी घटनाओं पर रोक लगाने के लिए लोगों की भागीदारी सुनिश्चित की जा रही है. उन्होंने युवाओं से अपील की कि वे नशे से दूर रहें और समाज सुधार में आगे आएं. बैठक में उपस्थित पूर्व जिला परिषद उपाध्यक्ष राजकुमार सिंह ने कहा कि सामुदायिक पुलिसिंग समाज और पुलिस के बीच भरोसा बढ़ाने का सशक्त माध्यम है. (नीचे भी पढ़े)
उन्होंने कहा कि ऐसे आयोजनों से जागरूकता आई है और विशेष रूप से युवा वर्ग को इसमें आगे बढ़कर जिम्मेदारी निभानी चाहिए. उन्होंने भविष्य में समय-समय पर इस तरह के कार्यक्रम आयोजित करने पर बल दिया. बैठक में यह तय किया गया कि क्षेत्र में नशा बिक्री और चोरी जैसी गतिविधियों पर निगरानी रखने के लिए स्थानीय लोगों की मदद से सूचना तंत्र को मजबूत किया जाएगा. साथ ही पंचायत स्तर पर भी समय-समय पर जन संवाद कर लोगों को जागरूक किया जाएगा.



