जमशेदपुर : कांग्रेस के वरिष्ठ नेता एवं भारतीय जनसेवक परिषद के केन्द्रीय अध्यक्ष सुभाष उपाध्याय ने जमशेदपुर में बेतहाशा सड़क दुर्घटना और राहगीरों के मौत पर चिंता व्यक्त करते हुए कहा कि जमशेदपुर जैसे भीड़ वाले इलाके में भी ट्रक, टेलर और हाइवा तेज गति से चल रही है लेकिन प्रशासन मौन है. ट्रैफिक पुलिस के सामने भारी वाहन रफ ड्राइविंग कर रहे हैं लेकिन पुलिस वसूली में लगी है. इसी प्रकार पिछले दिनों जिला प्रशासन से छोटा गोविंदपुर अन्ना चौक से पीपला तक नए हाइवे सड़क पर दिन-रात चलने वाले भारी वाहनों के प्रवेश की समय और गति निर्धारित करने एवं सड़क की चौड़ाई कम होने के कारण वन-वे सिस्टम लागू करने की मांग की गई थी. लेकिन सड़क दुर्घटना में प्रशासन मौत का इंतजार करती है. तब उनकी सक्रियता कुछ दिनों के बढ़ जाती है. (नीचे भी पढ़ें)
उन्होंने कहा कि छोटा गोविंदपुर से सीधे एनएच 33 को जोड़ने वाली सड़क पर शहर के बाहर से आने वाली एवं दुसरे शहर से जमशेदपुर आने वाली भारी कॉमर्शियल वाहनों के चलने से छोटा गोविंदपुर, घोड़ाबांधा, लुआबासा और पीपला में बड़ी दुर्घटना की आशंका बढ़ गई है. जिस प्रकार से लाइन लगाकर हजारों की संख्या में भारी और अत्यधिक भारी वाहन तेज गति से छोटा गोविंदपुर कालोनी के बीचों-बीच दिन-रात गाड़ियों का आवागमन हो रहा है, रोजाना छोटी-छोटी घटनाएं हो रही है. लोग आंशिक रूप से घायल भी हो रहे हैं लेकिन इस पर ध्यान नहीं दिया जा रहा है. ऐसे में किसी बड़े अनहोनी को नजरंदाज नहीं किया जा सकता है. (नीचे भी पढ़ें)
जिला प्रशासन यदि समय रहते संज्ञान नहीं लेती है तो वैसे स्थिति में जब कोई बड़ा जानलेवा घटना हो जाएगा तो स्थिति पर काबू पाना मुश्किल हो जाएगा. उन्होंने बताया कि पिछले महीने उपायुक्त एवं यातायात पुलिस को इसकी लिखित सूचना दी गई थी कि इन क्षेत्रों में नो एंट्री का समय निर्धारित करने एवं वन-वे सिस्टम के तहत भारी और व्यवसायिक वाहनो का प्रवेश गोविंदपुर होते हुए या निकास गोविंदपुर होते हुए दोनों में से किसी एक सिस्टम को लागू किया जाए ताकि गोविंदपुर में दुर्घटना और जाम की स्थिति से बचा जा सके. इसे अति संवेदनशील समझते हुए इस पर तत्काल कार्रवाई करने की मांग की गई थी लेकिन प्रशासन हाथ पर हाथ धरे हुए हैं. श्री उपाध्याय ने कहा कि अतिशीघ्र यदि इस विचार नहीं हुआ तो गोविंदपुरवासी उग्र आंदोलन को विवश हो जाएंगे और इसकी पूरी जवाबदेही जिला प्रशासन की होगी.



