
जमशेदपुर : बिहार के बक्सर सदर के कांग्रेसी विधायक मुन्ना तिवारी बुधवार को जमशेदपुर पहुंचे. जहां उन्होंने एक वार्ता को संबोधित करते हुए कहा कि झारखंड की सरकार बेहतर कार्य कर रही है और पांच वर्षों में तमाम योजनाओं को फलीभूत करने में सफलता हासिल करेगी. वैसे विधायक ने बिहार के पूर्व मुख्यमंत्री जीतनराम मांझी द्वारा ब्राम्हणों पर किये गए टिप्पणी पर कहा कि वे अपना मानसिक संतुलन खो चुके हैं और उन्हें किसी मानसिक रोगियों के अस्पताल में भर्ती करवाना चाहिए. वहीं उन्होंने बिहार की नीतीश सरकार पर हमला करते हुए कहा बिहार में सरकार अच्छी नहीं चल रही है, वोटों के गिनती में हेरफेर कर तीसरे नंबर की पार्टी नंबर एक बनकर सरकार चला रही है और इसी कारण उन्हें जनता दरकिनार करने लगी है और उनके हर कार्यक्रम में जनता द्वारा विरोध किया जा रहा है. भाजपा नीत केंद्र सरकार पर निशाना साधते हुए उन्होंने कहा कि वर्ष 2014 में सत्ता में आने से पूर्व भाजपा ने भय, भूख, भ्रष्टाचार से निजात दिलाने का वादा किया था, लेकिन वह सब खोखला साबित हो रहा है. उन्होंने कहा कि कांग्रेस के पूर्व राष्ट्रीय अध्यक्ष राहुल गांधी की कही बात सही साबित हुई और मोदी सरकार को तीनों काले कानून वापस लेने पड़े. इस दौरान उनके साथ कांग्रेसी नेता आनंद बिहारी दूबे व अन्य उपस्थित थे.



