जमशेदपुर : लौहनगरी जमशेदपुर व आसपास के इलाकों में इन दिनों प्रचंड गर्मी पड़ रही है. शहर का पारा 41 डिग्री को पार कर चुका है. ऊपर से लचर विद्युत व्यवस्था से लोगों का जीना दूभर हो गया है. खासकर गैर कंपनी इलाकों के लोग बिजली की आंखमिचौली से बेहाल हैं. शुक्रवार को जमशेदपुर के गैर कंपनी इलाकों में चरमराई विद्युत व्यवस्था के खिलाफ यूथ कांग्रेस की ओर से विभाग के महाप्रबंधक के कार्यालय में प्रदर्शन किया गया. (नीचे भी पढ़ें)
साथ ही अविलंब नियमित विद्युत आपूर्ति बहाल किए जाने की मांग की. बता दें कि चरमराई विद्युत व्यवस्था जमशेदपुर के गैर कंपनी क्षेत्र के लोगों के रातों की नींद हराम कर दी है. युवा कांग्रेस के नेताओं ने बताया कि गैर कंपनी क्षेत्र में सरकारी विद्युत की आपूर्ति की जाती है, और लोगों को 24 घंटो में महज सात से आठ घंटे विद्युत आपूर्ति की जा रही है. साथ ही जर्जर पोल व बिजली के तारों के कारण कई इलाकों में नियमित विद्युत आपूर्ति नहीं हो रही है. उन्होंने जीएम से ऐसे तमाम समस्याओं को दूर कर निर्बाध विद्युत आपूर्ति बहाल करने की मांग की है.




