जमशेदपुर : पूर्वी सिंहभूम जिला युवा कांग्रेस कमिटी के तत्वावधान में जिला उपाध्यक्ष मंगलदेव सिंह ऊर्फ सन्नी सिंह के नेतृत्व में एक उच्च स्तरीय प्रतिनिधिमंडल जमशेदपुर जिले के नगर आरक्षी अधीक्षक ललित मीणा से मिलकर जमशेदपुर में घट रही आपराधिक घटनाओं को विस्तारपूर्वक रखा और कठोरतम कार्यवाही करने के मांग पत्र सौंपा. तथ्यों के साथ बातों को वरिष्ठ नेता पूर्व जिलाध्यक्ष आनन्द बिहारी दुबे, जिला कार्यकारी अध्यक्ष अवधेश सिंह ने अपराधिक घटनाक्रम पर चिंता जाहिर किया. इन लोगों ने सौंपे ज्ञापन में कहा कि जमशेदपुर में बढ़ती चाकूबाजी, चापड़बाजी एवं अन्य अवैध गतिविधियों पर प्रभावी रोकथाम एवं कठोर कार्रवाई किए जाने की जरूरत है. बीते दिनों बिष्टूपुर स्थित डबल डाउन परिसर में हुई जघन्य आपराधिक घटना ने पूरे जमशेदपुरवासियों को झकझोर कर रख दिया है. (नीचे भी पढ़ें)
इस प्रकार की घटनाएं शहर की कानून-व्यवस्था एवं नागरिकों की सुरक्षा पर गंभीर प्रश्नचिह्न खड़ा करती हैं. अतः इस घटना में संलिप्त सभी अभियुक्तों के विरुद्ध त्वरित एवं कठोर कानूनी कार्रवाई सुनिश्चित की जाए, ताकि भविष्य में कोई भी अपराधी इस प्रकार का अपराध करने का साहस न कर सके. साथ ही शहर में देर रात तक संचालित होने वाले बियर बार एवं अन्य प्रतिष्ठानों के संचालन समय की स्पष्ट सीमा निर्धारित की जाए तथा इन पर नियमित प्रशासनिक निगरानी रखी जाए. इससे देर रात होने वाली असामाजिक एवं आपराधिक गतिविधियों पर प्रभावी नियंत्रण स्थापित किया जा सकेगा. इसके अतिरिक्त, जुगसलाई क्षेत्र में स्टेशन जाने वाले मार्ग के आसपास अवैध गतिविधियों, विशेषकर वेश्यावृत्ति जैसी घटनाओं की लगातार शिकायतें सामने आ रही हैं. यह स्थिति सामाजिक एवं नैतिक दृष्टि से अत्यंत चिंताजनक है. अतः इस क्षेत्र में विशेष अभियान चलाकर संबंधित असामाजिक तत्वों के विरुद्ध कठोर कार्रवाई की जाए तथा नियमित पुलिस गश्ती एवं निगरानी बढ़ाई जाए. (नीचे भी पढ़ें)
इन लोगों ने ज्ञापन में कहा है कि शहर में लगातार बढ़ते अपराधों के कारण आम नागरिक, छात्र-छात्राएं, महिलाएं, व्यापारी एवं शांतिप्रिय लोग स्वयं को असुरक्षित महसूस कर रहे हैं. भय का वातावरण समाज के लिए अत्यंत चिंताजनक है इसलिए आवश्यक है कि अपराधियों के विरुद्ध कठोर कार्रवाई करते हुए संवेदनशील क्षेत्रों में पुलिस की सक्रिय उपस्थिति एवं प्रशासनिक दबिश बढ़ाई जाए, जिससे आम जनता में सुरक्षा एवं विश्वास का वातावरण पुनः स्थापित हो सके. प्रतिनिधिमंडल में पूर्व प्रदेश सचिव सामंता कुमार, राजीव मिश्रा, अमित श्रीवास्तव, संजय सिंह, सन्नी अनुराग, सचिन अनुराग, मुन्ना मिश्रा, अरूण ठाकुर, कुलदीप सिंह, कुणाल सिंह, प्रेम कुमार, अनुकांत पाण्डेय मुख्य रूप से शामिल हुए.







