
जमशेदपुर : जमशेदपुर में कोरोना वायरस को लेकर लगातार जांच चल रही है. संदिग्धों का ब्लड सैंपल लेकर जांच की जा रही है. एमजीएम अस्पताल में भी जांच चल रही है जबकि टीएमएच जैसे निजी बड़े अस्पतालों में भी इसकी जांच हो रही है. एमजीएम मेडिकल कॉलेज के प्रिंसिपल डॉ पीके बारला के मुताबिक, हालात सामान्य है. किसी तरह का कोई मरीज में पोजिटिव रिजल्ट नहीं आया है. चेकअप जरूर हो रहा है, लेकिन इसका मतलब यह नहीं कि कोरोना वायरस का पोजिटिव है. जब तक पोजिटिव नहीं आता है, तब तक कोरोना वायरस से पीड़ित किसी को नहीं कहा जा सकता है. एमजीएम मेडिकल कॉलेज में एक भी ऐसा पोजिटिव केस नहीं आया है. इसी तरह जमशेदपुर के सिविल सर्जन डॉ महेश्वरी प्रसाद ने बताया कि 16 मार्च को चार केस आया था, जिसकी जांच की गयी, जबकि 17 सितंबर को तीन और 18 सितंबर को तीन कोरोना वायरस के संदिग्ध आये थे. सभी की जांच की गयी है, किसी में पोजिटिव नहीं पाया गया है. इस कारण यह कहा जा सकता है कि जमशेदपुर में एक भी पोजिटिव केस नहीं आया है. इसी तरह टीएमएच की चल रही जांच के बारे में भी टाटा स्टील प्रबंधन ने अधिकारिक तौर पर जानकारी दी है कि टीएमएच में एक भी पोजिटिव केस नहीं आया है. जो संदिग्ध आ रहे है, उनको आइसोलेशन वार्ड में रखा जा रहा है, लेकिन किसी में पोजिटिव नहीं पाया गया है. किसी में एक भी कोरोना वायरस से पीड़ित नहीं पाया गया है.
टाटा मोटर्स का जारी है जनजागरण अभियान, हजारों लोगों तक पहुंचा मैनेजमेंट
टाटा मोटर्स के जमशेदपुर प्लांट की ओर से टेल्को कॉलोनी में जन जागरण अभियान दूसरे दिन भी जारी है. खास तौर पर टेल्को कॉलोनी में जन जागरण अभियान चलाया जा रहा है ताकि लोगों को यह बताया जा सके कि आखिर कोरोना वायरस है क्या और लक्षण क्या है, अगर लक्षण पाये जाये तो क्या किया जाना चाहिए. इसके जरिये हजारों लोगों तक टाटा मोटर्स प्रबंधन के अधिकारी खुद पहुंचने में कामयाब हुए. टाटा मोटर्स के कमांड एरिया में यह अभियान चलाया जा रहा है. टेल्को कॉलोनी के सारे घरों में परिवार को समझाया जा रहा है जबकि टाटा मोटर्स के जमशेदपुर प्लांट में कर्मचारियों को भी जानकारी दी जा रही है. वाट्सएप संदेश और ग्रुप के माध्यम से भी मैनेजमेंट कर्मचारियों और उनके परिवार तक पहुंच रही है.







