
जमशेदपुर : जमशेदपुर में हाल के दिनों में लगातार छिनतई की घटनाएं हो रही है. इसको देखते हुए पुलिस को भी सतर्क रहने की जरूरत है. सीतारामडेरा थाना क्षेत्र के लंबी दूरी जाने वाली बस स्टैंड के पास से एक महिला को झपटमार ने अपना शिकार बनाया. बताया जाता है कि उक्त महिला मोबाइल फोन पर बात करते हुए आगे बढ़ रही थी कि अचानक से पीछे से युवक आया और उससे मोबाइल छिनकर भाग निकला. इसकी तत्काल सूचना सीतारामडेरा पुलिस को दी गयी. सीतारामडेरा पुलिस ने इस मामले में कार्रवाई की और जांच शुरू की. तकनीकी तौर पर जांच की गयी तो मोबाइल का लोकेशन मिल गया और फिर पुलिस उक्त युवक तक पहुंच गयी. स्थानीय लोगों की मदद से पुलिस ने खदेड़कर उक्त युवक को धर दबोचा. पकड़ा गया युवक सीतारामडेरा थाना क्षेत्र के छायानगर का रहने वाला काजल राय है. उसके पास से पुलिस ने मोबाइल को भी जब्त कर लिया है. इस संबंध में महिला के बयान पर मामला दर्ज किया गया है. उक्त युवक को जेल भेज दिया गया है.






