
जमशेदपुर : कोरोना वायरस को लेकर जमशेदपुर के लोग काफी सतर्क है. इसको लेकर लोग खुद प्रशासन को सूचनाएं दे रहे है। हालात यह है कि लगातार जांच चल रही है। गनीमत यह है कि अब तक जमशेदपुर में एक भी मरीज पॉजिटिव नही पाया गया है, यानी किसी मे कोरोना वायरस नही पाया गया है। गुरुवार को स्वास्थ्य विभाग की टीम ने सात संदिग्ध मरीजों का सैंपल जांच के लिए एमजीएम मेडिकल कालेज के वायरोलॉजी लैब में भेजा। स्थिति की गंभीरता को देखते हुए कालेज के डाक्टरों ने देर शाम तक सैंपल की जांच कर रिपोर्ट विभाग को सौंप दिया। किसी भी मरीज में कोरोना की पुष्टि नहीं हुई है। इस तरह से जिले में अब तक 57 मरीजों की जांच हो चुकी है और सभी रिपोर्ट निगेटिव पाए गए हैं। हालांकि अब तक शहर के बाहर से आने आने वाले 257 संदिग्ध मरीजों को 14 दिनों तक क्वारंटाइन यानी घर मे कैद रहने का निर्देश दिया गया है और विभाग की ओर से भी इनपर नजर रखी जा रही है। इस बीच राज्य के स्वास्थ्य मंत्री बन्ना गुप्ता के कदमा आवास के पास स्थिति टाटा स्टील के कंपनी क्वार्टर में रहने वाले एक परिवार का सदस्य बाहर से आया हुआ है। इसकी जानकारी आसपास के लोगों को हुई तो उन्होंने इसकी जानकारी विभाग को दिया। स्वास्थ्य विभाग की टीम जब संदिग्ध मरीज के बारे में जानकारी मांगी तो परिवार के सदस्य गुस्सा गए और एेसे किसी व्यक्ति के शहर आने की जानकारी होने की बात कही। फिर मौके पर पहुंची पुलिस की मदद से बाहर से आए युवक से पूछताछ व जांच की गई। हालांकि युवक में कोरोना का कोई लक्षण नहीं मिला पर टीम ने उसे 14 दिनों तक क्वारंटाइन में रहने का सलाह दिया है।
बैंगलुरु से भुइयांडीह पहुंची एयरहोस्टेस की हुई जांच, नहीं मिला लक्षण
बैंगलुरु से जमशेदपुर पहुंची एयर होस्टेस के घर गुरुवार को जांच करने स्वास्थ्य विभाग की टीम पहुंची। भुइयांडीह की रहने वाली एयर होस्टेस बीते सोमवार को जमशेदपुर पहुंची है। इसकी सूचना प्रशासन को मिली तो उन्होंने विभाग की टीम भेजकर उसकी जांच करायी। युवती का नमूना जांच के लिया गया है। रिपोर्ट शुक्रवार को अाने की उम्मीद है। टीम के अनुसार, युवती में कोरोना वायरस के लक्षण नहीं मिले है। फिर भी उसे क्वारंटाइन में रहने की सलाह दी गई है। वहीं एयर होस्टेस का कहना है कि जब वह एयरपोर्ट से निकल रही थी तो उनकी जांच हुई थी। युवती इंडिगो एयरलाइंस में तैनात है। इधर, जुगसलाई में एक व्यापारी की बेटी ने पुलिस को फोन कर बुला लिया और कहा कि उनके यहां रोजाना एक दर्जन से अधिक मजदूर काम करने के लिए पहुंच रहे है। पुलिस ने सभी मजदूरों को घर जाने की सलाह दिया। वहीं मालिक को भी कंपनी बंद करने का निदेश दिया। पुलिस ने चेतावनी देते हुए कहा कि दोबारा शिकायत मिली तो उचित कार्रवाई की जाएगी।
सोनारी में मुंबई से आए चार युवकों की पड़ोसियों ने विभाग को दिया सूचना
सोनारी में मुंबई से आए चार युवकों की सूचना गुरुवार को स्वास्थ्य विभाग को दिया। स्वास्थ्य विभाग की टीम के आने में देरी होने पर स्थानीय लोगों ने हंगामा शुरु कर दिया। साथ ही इसकी जानकारी मीडिया को भी दिया। मौके पर पहुंची स्वास्थ्य विभाग के सर्विलांस विभाग की टीम ने चारों युवकों की जांच किया लेकिन उनमें कोरोना का कोई लक्षण नहीं मिला है। टीम ने चारों युवकों को उसी घर में क्वेरेंटाइन कर 14 दिन तक रहने का निर्देश दिया है।
कोरोना के लक्षण वाले 200 मरीज पहुंचे एमजीएम, 35 संक्रमित प्रदेश से आए हैं जमशेदपुर
एमजीएम अस्पताल के अधीक्षक ने डाक्टरों से कहा कि देशभर से जमशेदपुर पहुंचे कोरोना वायरस के संदिग्ध मरीजों की काउंसलिंग के लिए अधिक समय देना होगा। वहीं जरूरत पड़ी तो उनका नमूना लेकर जांच के लिए भी भेजा जाएगा। जबतक रिपोर्ट नहीं जाए तब तक संदिग्ध मरीजों को एमजीएम अस्पताल के आईसोलेशन वार्ड में रखा जाएगा। रिपोर्ट निगेटिव अाने पर उसे अगले 14 दिन तक क़ु रहना होगा। शुक्रवार को एमजीएम अस्पताल के सभी ओपीडी बंद रहा। सिर्फ कॉमन ओपीडी खुला रहा। तीन रूम में अलग-अलग चिकित्सक बैठकर मरीजों की जांच व परामर्श दे रहे थे। इस दौरान करीब 200 कोरोना के लक्षण लेकर मरीज जांच कराने पहुंचे थे। इसमें 10 राजस्थान, 10 मुंबई, 13 मद्रास व दो चेन्नई से अाए थे। एक सप्ताह के अंदर ये सभी लोग शहर लौटे है। किसी को सर्दी -खांसी की शिकायत थी तो किसी तो बुखार व सांस लेने में भी परेशानी है।








