रिपोर्ट: बबलू चौबे
जमशेदपुर: कहते हैं कि सच्चा प्यार सिर्फ रिश्तों को नहीं, बल्कि सपनों को भी नई उड़ान देता है. जमशेदपुर के स्नेहप्रिया और उनके पति निखिल ने इसे सच कर दिखाया है. दोनों ने अपने प्यार और भावनाओं को एक अनोखे स्टार्टअप में बदल दिया. आज उनका ब्रांड ‘फेजेज हैंडक्राफ्टेड’ अपनी खूबसूरत और सुगंधित हस्तनिर्मित कैंडल्स के जरिए न सिर्फ भारत, बल्कि विदेशों तक पहचान बना रहा है. दोनों कॉर्पोरेट सेक्टर में कार्यरत हैं. निखिल नौकरी के सिलसिले में विदेश में रहते हैं. दूरी के कारण परिवार और पत्नी के लिए खास उपहार भेजने में आने वाली दिक्कतों ने उन्हें एक नया विचार दिया. उन्होंने सोचा कि ऐसा प्रोडक्ट बनाया जाए, जो सिर्फ गिफ्ट न हो, बल्कि भावनाओं को भी खूबसूरती से व्यक्त करे. इसी सोच से ‘फेजेज हैंडक्राफ्टेड’ की शुरुआत हुई. (नीचे भी पढ़ें)

शुरुआत हस्तनिर्मित डेकोरेटिव और सुगंधित कैंडल्स से हुई. बेहतरीन डिजाइन, आकर्षक फिनिश और मनमोहक खुशबू ने ग्राहकों का दिल जीत लिया. आज उनकी कैंडल्स की मांग देश के विभिन्न राज्यों के साथ-साथ विदेशों से भी आने लगी है. हर कैंडल हाथों से तैयार की जाती है, जिससे हर प्रोडक्ट अपनी अलग पहचान रखता है. स्नेहप्रिया बताती हैं कि उनकी कैंडल्स केवल सजावट की वस्तु नहीं, बल्कि भावनाओं से जुड़ा एक यादगार उपहार हैं. जन्मदिन, शादी, सालगिरह, त्योहार या किसी भी खास मौके पर लोग इन्हें बड़े चाव से गिफ्ट करते हैं. उनका मानना है कि छोटा-सा उपहार भी रिश्तों में अपनापन और मिठास घोल सकता है. इन कैंडल्स में लैवेंडर, माचा, स्ट्रॉबेरी समेत कई आकर्षक फ्रेगरेंस उपलब्ध हैं. घर, बेडरूम या ऑफिस में इन्हें जलाने से वातावरण सुगंधित और सुकूनभरा हो जाता है. (नीचे भी पढ़ें)
इस स्टार्टअप ने सिर्फ स्नेहप्रिया और निखिल के सपनों को ही नहीं, बल्कि 5 से 6 स्थानीय लोगों को रोजगार भी दिया है. उनका लक्ष्य भविष्य में और अधिक लोगों को रोजगार उपलब्ध कराना और ‘फेजेज हैंडक्राफ्टेड’ को एक राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय ब्रांड के रूप में स्थापित करना है. पैन इंडिया डिलीवरी की सुविधा के साथ ग्राहक सोशल मीडिया के माध्यम से आसानी से ऑर्डर दे सकते हैं. यह कहानी बताती है कि नई सोच, मेहनत और विश्वास से एक छोटा-सा आइडिया भी वैश्विक पहचान हासिल कर सकता है.







