जमशेदपुर : जमशेदपुर के बिष्टुपुर थाना क्षेत्र के धातकीडीह बी ब्लॉक में एक महिला फराह परवीन के साथ मारपीट हुई है. फराह परवीन को उनके जेठ इम्तियाज अहमद, पत्नी बशीरुन्निसां और बेटे जैद ने रॉड से मारकर जख्मी कर दिया है. फराह परवीन को गंभीर चोट आई है. उनके छह टांके लगे हैं. घटना बुधवार दोपहर बाद की है. बताते हैं कि फराह परवीन के घर में कोई नहीं था. उनके पति ड्यूटी पर गए थे. तभी इम्तियाज अहमद उनकी पत्नी और बेटा घर को धक्का देते हुए अंदर घुस आए और मारपीट करने लगे. पीड़ित महिला ने बताया कि वह हाथ जोड़ रही थी कि जाओ. घर में कोई नहीं है. लेकिन हमलावर नहीं मानें. (नीचे भी पढ़ें)
फरहा परवीन ने बताया कि गुरुवार को बकरीद का त्यौहार है. वह पर्व की तैयारी में जुटी हुई थी इसी बीच उनके जेठ ने हमला कर मारपीट की है. फरहा परवीन ने बताया कि उनका जेठ धमकी दे रहा था कि वह उसकी हत्या कर देगा. फरहा परवीन के दो छोटे बच्चे स्कूल जाते हैं. उसकी भी हत्या करने की धमकी दी गयी है. फरहा परवीन ने बताया कि इम्तियाज अहमद का कहना है कि उनकी स्वास्थ्य मंत्री बन्ना गुप्ता से गहरी दोस्ती है. इसलिए पुलिस उनका कुछ नहीं बिगाड़ सकती. घटना की सूचना बिष्टुपुर थाना पुलिस को दे दी गयी है. पुलिस मामले की जांच में जुट गयी है. फरहा परवीन का इलाज एमजीएम अस्पताल की इमरजेंसी में कराया गया.












