जमशेदपुर : जमशेदपुर के परसुडीह थाना क्षेत्र में एक सनसनीखेज मामला प्रकाश में आया है, जिसमें बारीगोड़ा की एक युवती ने ब्लैकमेल कर शारीरिक शोषण और अश्लील तस्वीर वायरल करने का गंभीर आरोप लगाया है. पीड़िता ने इस संबंध में 18 अगस्त को थाने में मामला दर्ज कराया था. जानकारी के अनुसार, घटना की शुरुआत करीब पांच साल पहले हुई थी. आरोप है कि चंदन शाह उर्फ बिट्टू युवती को लगातार ब्लैकमेल करता रहा और शारीरिक शोषण करता रहा. इसी दौरान उसने युवती की अश्लील तस्वीरें भी खींच लीं और बाद में उन्हें सोशल मीडिया पर वायरल कर दिया. (नीचे भी पढ़ें)
वर्षों से ब्लैकमेल और प्रताड़ना झेल रही पीड़िता ने अंतत हिम्मत जुटाकर पुलिस से शिकायत की. शिकायत दर्ज होते ही परसुडीह पुलिस सक्रिय हुई और मामले की जांच शुरू की. प्रारंभिक जांच में आरोप सही पाए जाने पर पुलिस ने चंदन शाह उर्फ बिट्टू को गिरफ्तार कर लिया. फिलहाल आरोपी से पूछताछ की जा रही है और उसके खिलाफ आगे की कानूनी कार्रवाई की तैयारी की जा रही है. पुलिस अधिकारियों ने बताया कि यह मामला गंभीर प्रकृति का है. सोशल मीडिया पर आपत्तिजनक सामग्री फैलाने और युवती को ब्लैकमेल करने की पुष्टि हुई है. आरोपी को न्यायालय में पेश कर जेल भेजने की प्रक्रिया पूरी की जा रही है.











