
जमशेदपुर : जमशेदपुर के बिष्टुपुर थाना अंतर्गत गुरुद्वारा बस्ती के पास दो पक्ष आपस में भिड़ गए. इधर झड़प की सूचना स्थानीय लोगों ने पुलिस को दी. सूचना पाकर बिष्टुपुर थाना की पीसीआर 5 मौके पर पहुंची और दोनो पक्ष के लोगों को पहले इलाज के लिए एमजीएम अस्पताल पहुंचाया. दोनो पक्ष से दो लोगों को चोट आई है. घायलों मे धातकीडीह निवासी आसिफ अली और आरिफ खान शामिल है. घटना के संबंध में आसिफ ने बताया कि वह सोशल मीडिया पर वीडियो बनाकर पोस्ट करता है. कदमा सोनारी लिंक रोड पर वो वीडियो बना रहा था, इतने में पास ही मौजूद युवक जो नशा कर रहे थे उन्होंने उसे बुलाया और मोबाइल छीन लिया. जब उसने इसका विरोध किया तो सभी ने उसकी पिटाई कर दी और गले से चेन छीनकर फरार हो गए. उनके साथियों ने पीछा कर बिष्टुपुर में पकड़ा जहां फिर से युवकों ने पिटाई की. दूसरे पक्ष से आरिफ ने बताया कि वो लिंक रोड में बैठा था इतने में एक युवक ने उसके पास आकर तंबाकू मांगा. इसी बात को लेकर युवक और उसके साथियों ने उसपर हमला कर दिया. वह जान बचाकर भागा तो सभी ने उसका पीछा कर बिष्टुपुर में भी पिटाई कर दी. फिलहाल पुलिस मामले की जांच कर रही है.





