
जमशेदपुर : जमशेदपुर के एमजीएम थाना क्षेत्र डिमना चौक पर रविवार की रात कुछ लोगों ने ट्रक (डीएच01 डीडब्लू 3759) को रोका. रोकने के बाद वाहन की जांच करने पर प्रतिबंधित पशु मांस का चमड़ा पाया गया. जिसके बाद आक्रोशित लोगों ने ट्रक चालक और खलासी की पिटायी कर दी. वही, वाहनों में भी तोड़ फोड़ किया. इस दौरान काफी हंगामा हुआ. सूचना मिलने पर एमजीएम और उलीडीह थाना की पुलिस पहुंची. पुलिस ने बीच बचाव कर चालक और खलासी को भीड़ से बचाया. गुस्साये लोग वाहन चालक व खलासी के खिलाफ कार्रवाई की मांग कर रहे थे. पुलिस ने समझा-बुझाकर मामला शांत कराया. मामला शांत होने पर पुलिस घायल ट्रक के चालक रांची कांटाटोली निवासी हैदर अली और खलासी मो. सारिक को एमजीएम अस्पताल पहुंचाया. वही, ट्रक को जब्त कर एमजीएम थाना ले गई. घायल चालक हैदर अली के अनुसार वह लोहरदगा से पशु मांस का चमड़ा लेकर कोलकाता जा रहा था. डिमना चौक के पास कुछ लोगों ने ट्रक रोका और मारपीट करने लगे. उन्होंने लाठी डंडे से पिटायी की. इस दौरान खलासी को भी मारा, वही वाहन पर भी पत्थर से हमला कर क्षतिग्रस्त कर दिया. पुलिस के मामले की जांच की जा रही है. फिलहाल किसी ने लिखित शिकायत नहीं की है.





