
जमशेदपुर : जमशेदपुर में उचक्कों का आतंक कम होने का नाम नहीं ले रहा है. जहां आए दिन सड़क पर उचक्के महिलाओं और छात्राओं को अपना निशाना बना रहे हैं. ताजा मामला बिष्टुपुर थाना क्षेत्र का है. जहां कॉन्वेंट स्कूल के समीप को- ऑपरेटिव कॉलेज जा रही एक छात्रा से दो बाइक सवार उचक्कों ने मोबाइल छिनतई की घटना को अंजाम दिया. वैसे घटना के बाद उचक्के भागने में सफल रहे. छात्रा का नाम खुशबू कुमारी बताया जाता है और वह बागबेड़ा की रहने वाली है. उधर घटना की सूचना मिलते ही टाइगर मोबाइल के जवान घटनास्थल पर पहुंचे. हालांकि तब तक उचक्के अपना काम करने में सफल रहे.

आपको बता दें कि पिछले 1 महीने के भीतर शहर के अलग- अलग थाना क्षेत्रों में दर्जनभर छिनतई घटना हुई है. जहां उचक्कों के गिरोह ने सरेराह महिलाओं को अपना निशाना बनाया है. इसी क्रम में पिछले दिनों एक महिला की मौत भी हो चुकी है. उधर जमशेदपुर पुलिस के लिए यह गिरोह सिरदर्द बना हुआ है. फिलहाल इस घटना के बाद छात्रा काफी दहशत में है. पुलिस सीसीटीवी फुटेज को देख रही है ताकि झपटमार को पकड़ा जा सके. इस तरह की घटनाएं हाल के दिनों में की जा रही है. वैसे पुलिस ने कई लोगों को पहले पकड़ा भी है, लेकिन एक बार फिर से यह गैंग सक्रिय होने से मामला बढ़ता नजर आ रहा है. इसको लेकर लोगों में डर है. वैसे पुलिस का दावा है कि जल्द ही ऐसे गैंग के लोगों को पकड़ लिया जायेगा. इसके लिए गुप्तचरों की टीम को लगाया गया है.














