
जमशेदपुर : जमशेदपुर के गोविंदपुर थाना क्षेत्र में प्रधानमंत्री उज्जवला योजना के नाम पर ठगी करने वाले तारक नाथ तिवारी उर्फ संजय तिवारी ने योजना के नाम पर ना सिर्फ गांव के लोगो को ठगा बल्कि उसने अपनी पत्नी रोशनी कुमारी को भी ठग डाला. तारकनाथ ने रोशनी से दूसरी शादी कर रखी है. उसकी पहली पत्नी टेल्को के मनीफिट में रहती है. यह खुलासा उसने पुलिस के पूछताछ में की है. उसकी शादी की जानकारी उसकी पहली पत्नी को भी नहीं है. रोशनी को वह पहली पत्नी के घर से थोड़ी दूर टेल्को ग्वाला बस्ती में ही भाड़े के मकान पर रखा था. पुलिस को यह भी पता चला है कि उसने अपने पास रखा मोबाइल भी अपने सास के नाम पर फाइनांस करा रखा था और मोबाइल में लगा सिम अपने ससुर के नाम पर ले रखा था. हालांकि, पुलिस को अभी तक यह जानकारी नहीं मिल पाई है कि इन चार महिनों में दोनों पति पत्नी ने मिलकर कितने लोगों को ठगी का शिकार बनाया है. गुरुवार को पुलिस ने दोनों को कोविड टेस्ट के बाद जेल भेज दिया.
लॉकडाउन में काम नहीं होने पर दोनों पत्नी का खर्च वहन करने के लिए करने लगा ठगी
तारक नाथ ने पुलिस को बताया कि उसकी पहली पत्नी मनीफिट में रहती है जबकि उसने दुसरी शादी रौशनी से करने के बाद उसे ग्वाला बस्ती में रखा था. वह खर्च वहन करने के लिए भाड़े पर टेंपू चलाता था. लॉकडाउन में आर्थिक तंगी के कारण उसने लोगों को ठगने का काम शुरु किया. इस दौरान उसने कई लोगो से रुपये की ठगी की है. बता दे की दोनों पति पत्नी को बुधवार को गोविंदपुर तिलका बस्ती के लोगो ने प्रधानमंत्री उज्जवला योजना के नाम पर ठगी करते हुए पकड़ा था. दोनों डबल गैस सिलेंडर के नाम पर लोगो से 520 रुपये लिया करते थे.







