
जमशेदपुरः जमशेदपुर और उसके आसपास के इलाकों में एनएच 33 पर ट्रक चालकों से लूटपाट करने वाले गिरोह के चार सदस्यों को चांडिल पुलिस ने गिरफ्तार किया है. हालांकि गिरफ्तारी के बाद पुलिस को लुटेरों ने जो जानकारी दी उसे हास्यपद ही कहा जा सकता है. लुटेरों के द्वारा नकली पिस्टल का इस्तेमाल कर चालकों को लुटा जाता था. इसमें एक आरोपी को छोड़कर सभी आपस में रिश्तेदार ही है. गिरफ्तार किए गए लुटेरों में कपाली ओपी क्षेत्र निवासी रमजान, जावेद, मुस्ताक और रांची का सोनू शामिल है. पुलिस ने इनके पास से एक नकली पिस्टल, लूट के 9 मोबाइल और दो बाइक बरामद की है. जानकारी देते हुए चांडिल थाना प्रभारी सनोज चौधरी ने बताया कि बीते 11 जुलाई को थाना क्षेत्र के एनएच स्थित पाटा गांव के पास एक ट्रक चालक से नगद और दो मोबाइल की लूट ली गई थी. इस मामले में पीड़ित के द्वारा थाने में मामला दर्ज कराया गया था. अनुसंधान के क्रम में सभी को पकड़ लिया गया. इसमें रमजान मास्टर माइंड है, लूट का प्लान उसी के द्वारा बनाया जाता था. उसने अपने रिश्तेदार जावेद और मुस्ताक को इसमें शामिल किया.रमजान और जावेद पूर्व में ट्रक चलाते थे. लॉकडाउन में उनका काम छूट गया. जिसके बाद उन्होंने ट्रक चालकों को लूटने का प्लान बनाया. उसने एक नकली पिस्टल खरीदी. अब तक सभी ने 6 घटनाओं को अंजाम दे दिया है. सभी को न्यायिक हिरासत में भेज दिया है.















