
जमशेदपुर : जमशेदपुर के साकची थाना क्षेत्र में अपराध एक बार फिर से बेलगाम होता नजर आ रहा है. साकची में मुख्य गोलचक्कर में से एक सबसे भीड़भाड़ वाले साकची शितला मंदिर चौक के पास एक बुजुर्ग से छिनतई कर ली गयी. बुजुर्ग मानगो चौक पर रहने वाले अजीत सिंह है जबकि उनकी बेटी कुलदीप कौर भी उनके साथ थी. साकची होते हुए वे लोग वापस मानगो की ओर जाने की तैयारी कर रहे थे कि बाइक सवार दो बदमाश आये और उनको गिराकर उनका बैग लेकर भाग गये. बैग में मोबाइल, क्रेडिट और डेबिट कार्ड समेत तमाम दस्तावेज थे. लोगों के हल्ला के बावजूद बदमाश वहां से भागने में कामयाब रहे. पुलिस आसपास के लोगों से पूछताछ कर रही है और सीसीटीवी फुटेज को भी निकाल रही है कि किस तरह इस कांड को किया गया है, इसकी जानकारी मिल सके. दूसरी ओर, एक खबर आयी कि सिदगोड़ाना थाना क्षेत्र में भी चोरी की घटना हुई है. सिदगोड़ा के बारीडीह बस्ती में निधि इंटरप्राइजेज में पांच लाख के सामानों की चोरी कर ली गयी है. इसके तहत 30 बैटरी की चोरी हुई है जबकि 14 इनवरटर की भी चोरी हुई है. चोरी एक सफारी गाड़ी से की गयी है. इसको लेकर सीसीटीवी फुटेज भी सामने आया है.





