
जमशेदपुर : जमशेदपुर के गोलमुरी थाना अंतर्गत आरडी टाटा गोलचक्कर के पास बाइक सवार दो युवकों ने एक ट्रक चालक को मारपीट कर घायल कर दिया. युवकों ने ट्रक से ही लोहे का रॉड निकला और ट्रक चालक के सिर पर दे मारा. घायल चालक का नाम चंद्रमा पासवान है, वह बिहार के औरंगाबाद के मिर्जापुर का रहने वाला बताया जाता है. इधर घटना के बाद स्थानीय लोगों ने दोनों बदमाशों को पकड़ लिया. सूचना पाकर गोलमुरी पुलिस मौके पर पहुंची और दोनों को हिरासत में ले लिया. पुलिस ने स्थानीय लोगों की मदद घायल चंद्रमा को इलाज के लिए एमजीएम अस्पताल पहुंचाया जहां से उसे बेहतर इलाज के लिए टी एम एच रेफर कर दिया गया. घटना बुधवार देर रात की है. पकड़ाए गए युवकों में बर्मामाइंस कंचननगर निवासी सी साहिल और देवेंद्र कुमार सिंह शामिल है. साहिल पूर्व में जेल जा चुका है. घटना के संबंध में थाना प्रभारी अरविंद कुमार ने बताया कि चंद्रमा पासवान मारुति इंटरप्राइजेज ट्रांसपोर्ट कंपनी का चालक है. आरडी टाटा गोलचक्कर के पास चंद्रमा ने साहिल की बाइक को पास नहीं दिया जिसके बाद साहिल ने ट्रक को ओवरटेक कर रोका और ट्रक में रखे रॉड से चालक के सिर पर वार कर दिया. दोनों को जेल भेज दिया गया है।




