
जमशेदपुर : जमशेदपुर के उलीडीह थाना क्षेत्र के खड़िया बस्ती में कुख्यात अपराधी सैंकी यादव हत्याकांड मामले में फरार चल रहा आरोपी रोहन सिंह ने शनिवार को न्यायालय में आत्मसमर्पण कर दिया. रोहन घटना के दिन से ही फरार था. पुलिस उसकी गिरफ्तार के लिए लगातार छापामारी कर रही थी. सैंकी य़ादव हत्याकांड में रोहन की भी संलिप्तता पाई गई थी. रोहन मुख्य आरोपी भाजपा नेता राजेश सिंह का भगिना है. आत्मसमर्पण के बाद पुलिस अब रोहन को रिमांड पर लेने के लिए न्य़ायालय में आवेदन देगी. रिमांड पर लेने के बाद उलीडीह पुलिस उससे पूछताछ करेगी. बता दे कि कई मामलों में फरार कुख्यात अपराधी सैंकी यादव की भाजपा नेता ने आपसी विवाद को लेकर बेरहमी से हत्या कर दी थी. सैंकी ने पूर्व में राजेश सिंह के ऊपर फायरिंग की घटना को अंजाम दिया था, दोनों के बीच में पूर्व से ही दुश्मनी थी. पुलिस ने सैंकी को तड़ीपार किया था. घटना के दिन राजेश सिंह खड़िया बस्ती से जा रहा था. इतने में उसने खड़िया बस्ती कें पास सैंकी यादव को देखा. राजेश ने अपनी कार से 300 मीटर तक उसका पीछा किया और अपनी कार से उसे धक्का मार दिया. राजेश व अन्य ने पहले गोली मार दी, फिर अपनी कार को सैंकी पर चढ़ा दिया. खुद को बचाने के लिए उसने अपने कार में गोली चलाईं और एक कहानी गढ़ दी थी. इस मामले में पुलिस ने राजेश सिंह के अलावा रोहन सिंह, शुभम सिंह, नीरज सिंह, संतोष तिवारी उर्फ मिथिलेश तिवारी, आयुष सिंह, रोहित, मनीष सिंह, शेखर दीक्षित और उत्तम लोहार लोहार पर मामला दर्ज किया था.







