
जमशेदपुर : जमशेदपुर में लगातार अपराधी पुलिस को चैलेंज देते नजर आ रहे है. अपराधी लगातार लूट और छिनतई की घटना को अंजाम दे रहे है. ताजा मामला उलीडीह थाना क्षेत्र का है जहां अपराधियों ने नेशनल इलेक्ट्रॉनिक्स के पास राजेंद्र नगर निवासी सोनी देवी को चाकू दिखाकर सोने की अंगूठी और कान को बाली लूट कर फरार हो गए. घटना के बाद सोनी ने उलीडीह थाना में अज्ञात के खिलाफ मामला दर्ज कराया है. घटना बुधवार शाम 5 बजे की है. सोनी ने पुलिस को बताया कि वह अपने घर से विशाल मेगा मार्ट में खरीददारी करने पैदल ही जा रही थी. नेशनल इलेक्ट्रॉनिक्स के पास एक युवक उसके पास आया और चाकू दिखाकर गहने उतारने को कहा. उसके चाकू दिखाने से वह दर गई और कान की बाली और अंगूठी उसे दे दी. आगे ही बाइक पर सवार एक और युवक था. दोनो बाइक पर बैठकर फरार हो गए. फिलहाल पुलिस आस पास के सीसीटीवी फुटेज खंगालने में लगी हुई है.






