
जमशेदपुर : जमशेदपुर में इन दिनों ओएलएक्स ठगी के मामले में फिर वृद्धि हो रही है. ताजा मामला बर्मामाइंस थाना क्षेत्र का है, जहां दो दोस्तों से ही साइबर ठगों ने ठगी कर ली. इस मामले में दोनों ने बर्मामाइंस थाने में मामला दर्ज कराया है. बर्मामाइंस थाना क्षेत्र के लकड़ी टाल निवासी सूर्य शेखर मजूमदार ने ओएलएक्स पर एक मोबाइल देखा था. बेचने वाले ने उसकी कीमत 7500 रुपये रखी थी. उन्होंने मोबाइल खरीदने की इच्छा जाहिर की और विज्ञापन पर दिए गए नंबर पर फोन किया. फोन करने वाले ने ऑनलाइन पेमेंट देने की बात कही जिस पर सूर्य शेखर ने हामी भरी और मोबाइल बेचने वाले के पेटीएम नंबर पर पैसे भेज दिए. धीरे धीरे ठग ने उन्हें ठगना शुरू किया और लगभग 50,000 रुपये की ठगी कर ली. यह ठगी 13 जनवरी से लेकर 15 जनवरी के बीच की गई. (नीचे भी पढ़ें)
वहीं दूसरा मामला सूर्य शेखर के साथी गोडाउन एरिया निवासी राजेश कुमार के साथ का है. राजेश कुमार ने ओएलएक्स पर अपना मोबाइल बेचने के लिए विज्ञापन डाला था. इस बीच किसी साइबर ठग ने उनसे संपर्क किया और मोबाइल खरीदने की इच्छा जाहिर की. साइबर ठगों ने ऑनलाइन पेमेंट करने के नाम पर राजेश कुमार से भी लगभग 50,000 रुपये की ठगी कर ली. राजेश कुमार के साथ 11 जनवरी को ठगी की गई है. इस संबंध में बर्मामाइंस थाना प्रभारी राजू ने बताया कि दोनों ने मामले में शिकायत की है. दोनों से साइबर ठगों ने लगभग एक लाख रुपये की ठगी की है. फिलहाल मामले की जांच की जा रही है.





